बोलता सच,लखनऊ : उत्तर प्रदेश में लखनऊ, अयोध्या और वाराणसी समेत 19 जिलों की कचहरियों को बम से उड़ाने की धमकी भरे ईमेल से हड़कंप मच गया। सूचना मिलते ही संबंधित जिलों के कचहरी परिसरों को तत्काल खाली करा लिया गया और सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई।
बताया जा रहा है कि धमकी भरा ईमेल जिला जज की आधिकारिक मेल आईडी पर भेजा गया था। हिंदी में लिखे गए इस मेल में दोपहर डेढ़ बजे जुमे की नमाज के बाद कचहरी को बम से उड़ाने की चेतावनी दी गई थी। मेल की भाषा और समय का उल्लेख देखते हुए प्रशासन ने मामले को गंभीरता से लिया है।
राजधानी में Lucknow Civil Court परिसर को खाली कराकर व्यापक सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। स्थानीय पुलिस, एलआईयू, बम निरोधक दस्ता (BDDS) और डॉग स्क्वाड की टीमें मौके पर पहुंचीं और कोर्ट परिसर के कोने-कोने की गहन तलाशी ली गई। कैसरबाग स्थित सिविल कोर्ट के सभी प्रवेश और निकास द्वारों पर सुरक्षा बढ़ा दी गई है। एहतियातन कोर्ट का कामकाज अस्थायी रूप से रोक दिया गया।
सूत्रों के अनुसार, अयोध्या और वाराणसी सहित अन्य जिलों में भी समान प्रकार के ईमेल मिलने की सूचना है, जिसके बाद संबंधित कचहरियों में भी तलाशी अभियान चलाया जा रहा है। सीजेएम ने सुरक्षा व्यवस्था की निगरानी अपने स्तर से शुरू कर दी है, जबकि सीओ सिटी और भारी पुलिस बल को तैनात किया गया है।
पुलिस अधिकारियों ने लोगों से किसी भी प्रकार की अफवाह पर ध्यान न देने की अपील की है। साथ ही यह भी कहा गया है कि ईमेल भेजने वाले की पहचान और उसके मकसद का पता लगाने के लिए साइबर सेल को सक्रिय कर दिया गया है।
फिलहाल किसी भी परिसर से संदिग्ध वस्तु मिलने की सूचना नहीं है, लेकिन प्रशासन पूरी सतर्कता बरत रहा है। जांच एजेंसियां धमकी के स्रोत और उसकी सत्यता की गहन पड़ताल कर रही हैं।
इसको भी पढ़ें : देवरिया की नेहा गुप्ता ने जीता प्रदेश में स्वर्ण, नगर पंचायत ने किया सम्मानित
➤ You May Also Like






















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































