Breaking News

टोल प्लाजा पर वकील से मारपीट का वीडियो वायरल, तीन टोलकर्मी हिरासत में

Bolta Sach News
|
Lawyer assaulted at toll plaza
बोलता सच,बाराबंकी : उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में लखनऊ–सुल्तानपुर हाईवे स्थित बारा टोल प्लाजा पर एक वकील के साथ टोलकर्मियों द्वारा की गई बेरहमी से पिटाई का मामला सामने आया है। मामूली कहासुनी के बाद दबंग टोलकर्मियों ने वकील को घेरकर दौड़ा-दौड़ाकर पीटा। इस दौरान वकील से जबरन “सॉरी बोल” कहलवाने का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया, जिससे आक्रोश फैल गया।
पीड़ित वकील की पहचान प्रतापगढ़ निवासी रत्नेश शुक्ला के रूप में हुई है। बताया जा रहा है कि वह अपने निजी वाहन से लखनऊ हाईकोर्ट जा रहे थे। बारा टोल प्लाजा पर टोल भुगतान को लेकर टोलकर्मियों से उनकी हल्की नोकझोंक हो गई। इसके बाद टोलकर्मियों ने वकील को वाहन से उतरते ही घेर लिया और मारपीट शुरू कर दी। वायरल वीडियो में साफ देखा जा सकता है कि कुछ टोलकर्मी उन्हें पीटते हुए “सॉरी बोल… बदतमीजी किया तूने” कहते नजर आ रहे हैं।
घटना का वीडियो सामने आते ही अधिवक्ताओं में भारी नाराजगी फैल गई। बड़ी संख्या में वकील हैदरगढ़ कोतवाली पहुंच गए और टोलकर्मियों की गुंडागर्दी के खिलाफ जोरदार प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारी वकीलों ने दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग करते हुए पुलिस को तहरीर सौंपी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने त्वरित कार्रवाई की। हैदरगढ़ कोतवाली प्रभारी निरीक्षक अभिमन्यु मल्ल ने बताया कि पीड़ित वकील की तहरीर के आधार पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने तीन टोलकर्मियों—गोलू, रवि वर्मा और लवलेश मिश्रा—को हिरासत में ले लिया है। अन्य आरोपियों की भूमिका की भी जांच की जा रही है और आगे की विधिक कार्रवाई जारी है।
इस घटना के बाद टोल प्लाजा पर सुरक्षा व्यवस्था और टोलकर्मियों के व्यवहार को लेकर भी सवाल उठने लगे हैं। पुलिस का कहना है कि कानून हाथ में लेने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।

इसको भी पढ़ें : गोरखपुर: मकर संक्रांति पर आस्था का सैलाब, गोरखनाथ मंदिर में सीएम योगी ने चढ़ाई खिचड़ी


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply