Breaking News

स्वतंत्रता दिवस पर खरगे का BJP-RSS पर हमला, बोले- ‘मोहब्बत की दुकान’ देश में शांति के लिए, सरकार शांति भंग करना चाहती है

Bolta Sach News
|
Kharge on Independence Day

बोलता सच,नई दिल्ली : कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने 80वें स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर केंद्र सरकार, बीजेपी और आरएसएस पर तीखा हमला बोला। शनिवार को कांग्रेस मुख्यालय में तिरंगा फहराने के बाद अपने संबोधन में खरगे ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस केवल स्वतंत्रता संग्राम को याद करने का दिन नहीं, बल्कि यह आत्ममंथन का अवसर भी है कि स्वतंत्रता सेनानियों के सपनों का भारत कितना साकार हुआ है। कार्यक्रम में कांग्रेस संसदीय दल की प्रमुख सोनिया गांधी, लोकसभा में नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी समेत पार्टी के कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे।

‘आजादी केवल सत्ता परिवर्तन नहीं थी’

खरगे ने कहा कि आजादी केवल सत्ता बदलने का नाम नहीं थी, बल्कि हर भारतीय के जीवन को बेहतर बनाने का संकल्प था। उन्होंने पूर्व प्रधानमंत्रियों जवाहरलाल नेहरू, लाल बहादुर शास्त्री और इंदिरा गांधी के योगदान का उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि शास्त्री ने हरित और श्वेत क्रांति को मजबूत आधार दिया, जबकि इंदिरा गांधी ने देश की सैन्य और रणनीतिक शक्ति को मजबूती प्रदान की।

राम मंदिर के चढ़ावे को लेकर PM मोदी पर निशाना

कांग्रेस अध्यक्ष ने राम मंदिर से जुड़े चढ़ावे की कथित चोरी के आरोपों को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर भी निशाना साधा। उन्होंने कहा कि जब श्रद्धालु अपनी मेहनत की कमाई से मंदिर के लिए दान करते हैं, तो उस धन की सुरक्षा को लेकर सवाल उठना स्वाभाविक है। खरगे ने आरोप लगाया कि राम मंदिर निर्माण के लिए बनाए गए ट्रस्ट में प्रधानमंत्री के भरोसेमंद लोगों को शामिल किया गया, लेकिन अब चढ़ावे की कथित चोरी के आरोप सामने आ रहे हैं।

युवाओं के आंदोलन को लेकर सरकार पर हमला

खरगे ने युवाओं के मुद्दे पर केंद्र सरकार को घेरते हुए कहा कि आज देश का युवा अपने भविष्य और अधिकारों को लेकर आंदोलन कर रहा है। उन्होंने दावा किया कि सरकार की नीतियों के कारण युवाओं में असंतोष बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि संविधान नागरिकों को शांतिपूर्ण तरीके से आंदोलन करने का अधिकार देता है। अपने अधिकारों की आवाज उठाने वाला युवा या ‘जेन-जी’ देशद्रोही नहीं हो सकता।

‘मोहब्बत की दुकान’ का किया जिक्र

कांग्रेस अध्यक्ष ने राहुल गांधी के ‘मोहब्बत की दुकान’ वाले नारे का उल्लेख करते हुए कहा कि कांग्रेस देश में प्रेम, सद्भाव और शांति का माहौल बनाना चाहती है। वहीं उन्होंने बीजेपी, आरएसएस और केंद्र सरकार पर देश में शांति का माहौल बिगाड़ने का आरोप लगाया। खरगे ने यह भी आरोप लगाया कि सरकार के खिलाफ बुनियादी मुद्दों पर आंदोलन करने वालों को निशाना बनाने के लिए ‘पेड कैंपेन’ चलाए जाते हैं।

राहुल गांधी ने लोकतंत्र की रक्षा का दिया संदेश

राहुल गांधी ने स्वतंत्रता दिवस पर अपने संदेश में कहा कि आजादी केवल स्वतंत्रता सेनानियों की विरासत नहीं, बल्कि वर्तमान पीढ़ी की जिम्मेदारी भी है। उन्होंने सत्य और अहिंसा के रास्ते पर चलने, संविधान और तिरंगे के मूल्यों को कायम रखने तथा लोकतंत्र की रक्षा करने की बात कही। उन्होंने कहा कि देश के युवा इन मूल्यों की रक्षा के लिए एकजुट हैं।


इसे भी पढ़े : विजय माल्या मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट की सख्त टिप्पणी, कहा- एक दशक पुराने विवाद का अब तार्किक समाधान जरूरी


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: