बोलता सच,लखनऊ : राजधानी लखनऊ के मोहनलालगंज थाना क्षेत्र में 16 वर्षीय किशोरी के कथित अपहरण और दुष्कर्म का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि किशोरी को बहला-फुसलाकर घर से ले जाया गया, अलग-अलग स्थानों पर छिपाकर रखा गया और फिर पीजीआई क्षेत्र के एक होटल में ले जाकर उसके साथ लगातार तीन दिनों तक दुष्कर्म कराया गया। मामले में पुलिस ने दो महिलाओं सहित पांच आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश किया, जहां से सभी को जेल भेज दिया गया।
17 जुलाई से लापता थी किशोरी
पुलिस के अनुसार, पीड़िता की भाभी ने 24 जुलाई को मोहनलालगंज थाने में शिकायत दर्ज कराई। उन्होंने बताया कि उनकी 16 वर्षीय ननद 17 जुलाई से लापता थी। परिजनों ने काफी तलाश की, जिसके बाद 23 जुलाई को जानकारी मिली कि दुर्गेश रावत और उसकी पत्नी खुशबू किशोरी को अपने घर पर छिपाकर रखे हुए हैं।
परिजन जब वहां पहुंचे तो किशोरी बरामद हुई। इसके बाद उसने अपने साथ हुई पूरी घटना की जानकारी परिवार को दी, जिसके आधार पर पुलिस में मुकदमा दर्ज कराया गया।
होटल में ले जाकर दुष्कर्म कराने का आरोप
पीड़िता के आरोप के अनुसार, 18 से 20 जुलाई के बीच राबिया और उसका पति विनोद उसे बाइक से पीजीआई क्षेत्र स्थित एक होटल में ले गए। वहां राबिया ने उसकी मुलाकात अपने परिचित 70 वर्षीय द्वारिका रैदास से कराई। आरोप है कि होटल में तीन दिनों तक उसके साथ जबरन दुष्कर्म किया गया।
जांच में सामने आई साजिश
पुलिस जांच में सामने आया कि दुर्गेश रावत, उसकी पत्नी खुशबू और विनोद ने किशोरी के कथित अपहरण, उसे बंधक बनाकर रखने और होटल तक पहुंचाने में भूमिका निभाई। वहीं, राबिया पर होटल का कमरा उपलब्ध कराने और मुख्य आरोपी की मदद करने का आरोप है।
पांचों आरोपी गिरफ्तार
मामले की जांच के दौरान पुलिस ने मुखबिर की सूचना पर किसान पथ के पास पूरनपुर गांव से सभी नामजद आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों में 70 वर्षीय द्वारिका रैदास, 20 वर्षीय विनोद रावत, 26 वर्षीय दुर्गेश रावत, 23 वर्षीय खुशबू और 18 वर्षीय राबिया शामिल हैं।
आरोपियों का आपराधिक रिकॉर्ड भी आया सामने
पुलिस के अनुसार, आरोपी दुर्गेश रावत के खिलाफ मोहनलालगंज थाने में मारपीट और आर्म्स एक्ट के दो मुकदमे पहले से दर्ज हैं। वहीं, मुख्य आरोपी द्वारिका रैदास के खिलाफ नगराम थाने में मारपीट और धमकी देने का एक मामला पहले से दर्ज है।
पुलिस ने सभी आरोपियों को अदालत में पेश किया, जहां से उन्हें न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया। मामले की विवेचना जारी है और पुलिस अन्य साक्ष्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई कर रही है।
इसे भी पढ़े : फतेहपुर में बोले सीएम योगी- विकास ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत, माफिया के लिए सिर्फ जेल या जहन्नुम का रास्ता
➤ You May Also Like
Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस
Subscribe to get the latest posts sent to your email.




















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































