बोलता सच,देवरिया : उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक ने अयोध्या चंदा प्रकरण को लेकर बड़ा बयान देते हुए कहा है कि मामले की जांच के लिए गठित विशेष जांच दल (एसआईटी) निष्पक्ष रूप से काम कर रही है और जांच पूरी होने के बाद दोषियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने स्पष्ट कहा कि भ्रष्टाचार के मामलों में प्रदेश सरकार की नीति शून्य सहिष्णुता की है और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
देवरिया के देसही देवरिया क्षेत्र में एक निजी अस्पताल के उद्घाटन और अन्य कार्यक्रमों में शामिल होने के बाद पत्रकारों से बातचीत करते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि अयोध्या मंदिर ट्रस्ट से जुड़े आरोपों की गंभीरता को देखते हुए सरकार ने एसआईटी का गठन किया है। जांच रिपोर्ट आने के बाद तथ्यों के आधार पर कार्रवाई सुनिश्चित की जाएगी।
इस दौरान उन्होंने समाजवादी पार्टी पर भी निशाना साधा। ब्रजेश पाठक ने सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव से सवाल करते हुए कहा कि बाबरी मस्जिद निर्माण के लिए जुटाए गए चंदे का भी हिसाब जनता के सामने रखा जाना चाहिए। उन्होंने समाजवादी पार्टी पर तुष्टिकरण और वोट बैंक की राजनीति करने का आरोप लगाया। साथ ही कहा कि रामभक्तों पर गोली चलाने की घटनाओं को प्रदेश की जनता कभी नहीं भूलेगी।
अपने संबोधन की शुरुआत भोजपुरी में “का हाल बा…” कहकर करते हुए उपमुख्यमंत्री ने प्रदेश सरकार की उपलब्धियों का भी उल्लेख किया। उन्होंने कहा कि वर्ष 2017 से पहले प्रदेश में बिजली व्यवस्था बदहाल थी, जबकि वर्तमान में लोगों को बेहतर बिजली आपूर्ति मिल रही है। उन्होंने सड़क, स्वास्थ्य और अन्य बुनियादी सुविधाओं के क्षेत्र में हुए विकास कार्यों का भी जिक्र किया।
ब्रजेश पाठक ने जिस निजी अस्पताल का उद्घाटन किया, उसके बारे में कहा कि यह सरकार द्वारा निर्धारित मानकों और नियमों के अनुरूप संचालित होगा तथा क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने और आमजन तक बेहतर इलाज पहुंचाने के लिए लगातार प्रयासरत है।
कार्यक्रमों के बाद उपमुख्यमंत्री महर्षि देवरहा बाबा मेडिकल कॉलेज भी पहुंचे। वहां उन्होंने योग कक्ष का लोकार्पण किया और पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए आम का पौधा लगाया। इस अवसर पर कैबिनेट मंत्री सूर्य प्रताप शाही, पूर्व सांसद रमापति राम त्रिपाठी, विधायक शलभ मणि त्रिपाठी सहित कई जनप्रतिनिधि और प्रशासनिक अधिकारी मौजूद रहे।
इसे भी पढ़े : देवरिया में अपराधों के विरोध में भाकपा माले का प्रदर्शन, पुलिस कार्रवाई पर उठाए सवाल
➤ You May Also Like
Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस
Subscribe to get the latest posts sent to your email.























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































