Breaking News

लखनऊ में सिपाही भर्ती लिखित परीक्षा शुरू, 55 केंद्रों पर कड़ी सुरक्षा; अभ्यर्थियों के लिए स्पेशल ट्रेनें भी संचालित

Bolta Sach News
|
Constable Recruitment Written Exam in Lucknow
बोलता सच,लखनऊ : राजधानी लखनऊ में सोमवार से सिपाही भर्ती की लिखित परीक्षा शुरू हो गई है। यह परीक्षा 8, 9 और 10 जून तक आयोजित की जाएगी। इसके लिए शहर में 55 परीक्षा केंद्र बनाए गए हैं। जिला प्रशासन के अनुसार, परीक्षा में 19 हजार से अधिक अभ्यर्थी शामिल होंगे।
परीक्षा की निष्पक्षता और पारदर्शिता सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन ने व्यापक इंतजाम किए हैं। अधिकारियों ने चेतावनी दी है कि परीक्षा में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी, नकल या व्यवधान उत्पन्न करने वालों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सुरक्षा व्यवस्था के लिए स्थानीय पुलिस के साथ-साथ लोकल इंटेलिजेंस यूनिट (LIU) को भी सक्रिय रखा गया है।
परीक्षा केंद्रों पर निगरानी के लिए ‘फिफ्टी-फिफ्टी’ फॉर्मूला अपनाया गया है। इसके तहत 50 प्रतिशत बाहरी और 50 प्रतिशत आंतरिक शिक्षकों एवं कर्मचारियों की ड्यूटी लगाई गई है। प्रत्येक 24 अभ्यर्थियों पर दो कक्ष निरीक्षक तैनात रहेंगे, जबकि हर चार कमरों की निगरानी के लिए एक असिस्टेंट इनविजिलेटर नियुक्त किया गया है।
सभी परीक्षा केंद्रों और कक्षों की लाइव मॉनिटरिंग सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से की जाएगी। इसके अलावा, जिला स्तरीय उड़नदस्ते और मजिस्ट्रेट समय-समय पर केंद्रों का औचक निरीक्षण करेंगे।
अभ्यर्थियों को परीक्षा कक्ष में प्रवेश से पहले बहु-स्तरीय जांच प्रक्रिया से गुजरना होगा। महिला अभ्यर्थियों की जांच केवल महिला पुलिसकर्मियों और महिला स्टाफ द्वारा ही की जाएगी, ताकि उनकी सुरक्षा और गरिमा बनी रहे।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों को समय से पहले परीक्षा केंद्र पहुंचने की सलाह दी है। सुबह की पाली के लिए केंद्रों पर प्रवेश और बायोमीट्रिक सत्यापन की प्रक्रिया सुबह 7:30 बजे से शुरू हो जाएगी। निर्धारित समय के बाद किसी भी अभ्यर्थी को परीक्षा केंद्र में प्रवेश नहीं दिया जाएगा।
परीक्षार्थियों की सुविधा के लिए पूर्वोत्तर रेलवे ने लखनऊ और गोरखपुर के बीच दो विशेष परीक्षा ट्रेनें भी संचालित की हैं। इन ट्रेनों का संचालन 10 जून तक किया जाएगा। रेलवे के अनुसार, दोनों ट्रेनों में 10-10 जनरल कोच लगाए गए हैं।
स्पेशल ट्रेनों का समय-सारिणी:
  • गाड़ी संख्या 05031: गोरखपुर से शाम 7:00 बजे प्रस्थान, रात 10:55 बजे लखनऊ जंक्शन आगमन।
  • गाड़ी संख्या 05032: लखनऊ जंक्शन से शाम 6:15 बजे प्रस्थान, रात 11:55 बजे गोरखपुर आगमन।
  • गाड़ी संख्या 05005: गोरखपुर से दोपहर 1:30 बजे प्रस्थान, शाम 6:15 बजे लखनऊ जंक्शन आगमन।
  • गाड़ी संख्या 05006: लखनऊ जंक्शन से दोपहर 1:30 बजे प्रस्थान, शाम 6:50 बजे गोरखपुर आगमन।
प्रशासन ने अभ्यर्थियों से सभी दिशा-निर्देशों का पालन करने और समय से परीक्षा केंद्र पहुंचने की अपील की है, ताकि परीक्षा प्रक्रिया सुचारु रूप से संपन्न हो सके।

इसे भी पढ़े : भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते पर बढ़ी सहमति, सकारात्मक रही उच्चस्तरीय वार्ता


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: