2030 तक 1 करोड़ रोजगार का लक्ष्य
मुख्यमंत्री ने कहा कि सरकार ने वर्ष 2030 तक बिहार के एक करोड़ युवाओं को सरकारी नौकरी और रोजगार उपलब्ध कराने का लक्ष्य तय किया है। औद्योगिक विकास को गति देने के लिए राज्य में पांच लाख करोड़ रुपये के निवेश का लक्ष्य रखा गया है। साथ ही उद्योगों के लिए 14,600 एकड़ नई जमीन के अधिग्रहण को मंजूरी दी गई है।
बिहार को सेमीकंडक्टर निर्माण का हब बनाने के लिए सेमीकंडक्टर नीति-2026 लागू की गई है। सरकार का दावा है कि इससे राज्य में नए उद्योग और रोजगार के अवसर बढ़ेंगे।
छात्रों की शिकायतों का 30 दिन में समाधान
शिक्षा व्यवस्था में सुधार के लिए 17 अगस्त से ‘विद्यार्थी सहयोग पोर्टल’ शुरू करने की घोषणा की गई है। इसके जरिए विद्यार्थियों की शिकायतों का अधिकतम 30 दिनों के भीतर समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। परीक्षाओं को पारदर्शी बनाने के लिए राज्य स्तरीय परीक्षा सुधार समिति और उच्च स्तरीय शिक्षा समिति का गठन किया जाएगा।
राज्य के 551 सरस्वती विद्या निकेतनों में IIT-JEE और NEET की नि:शुल्क कोचिंग की व्यवस्था करने की भी घोषणा की गई।
अस्पतालों में 36 तरह की सर्जरी
स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने के लिए सदर अस्पतालों को सुपर स्पेशलिटी अस्पताल और प्रखंड स्तर के 30 बेड वाले केंद्रों को स्पेशलिटी अस्पताल के रूप में विकसित किया जा रहा है। जिला अस्पतालों में 36 प्रकार की सर्जरी की सुविधा उपलब्ध कराने की योजना है। अनावश्यक रेफरल पर रोक लगाने के लिए सख्त नीति लागू की जाएगी। वहीं, 80 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को घर पर ही चिकित्सा सुविधा उपलब्ध कराने की बात कही गई।
12 नई ग्रीनफील्ड टाउनशिप
शहरी विकास को गति देने के लिए राज्य में 12 ग्रीनफील्ड सैटेलाइट टाउनशिप विकसित करने का निर्णय लिया गया है। इनमें पाटलिपुत्र, मगध और मिथिला जैसे क्षेत्र शामिल हैं। इसके अलावा पांच एक्सप्रेस-वे और छह हाई-स्पीड कॉरिडोर पर काम जारी रहने की जानकारी मुख्यमंत्री ने दी।
किसानों के लिए 25 नई चीनी मिलें
गन्ना किसानों को राहत देने के लिए बिहार में 25 नई चीनी मिलें स्थापित करने का लक्ष्य रखा गया है। इनमें पांच मिलें अगले छह महीनों में शुरू करने की योजना है। हर खेत तक पानी पहुंचाने के लिए कोसी-मेची लिंक परियोजना सहित नदी जोड़ो परियोजनाओं पर भी काम तेज किया जा रहा है।
मोकामा में बनेगा तिरुपति बालाजी मंदिर
पर्यटन और धार्मिक विकास को बढ़ावा देने के लिए पटना के मोकामा में 10 एकड़ जमीन पर तिरुपति बालाजी मंदिर के निर्माण की घोषणा की गई। इसके अलावा प्रधानमंत्री सूर्यघर योजना के तहत 4.83 लाख BPL परिवारों को मुफ्त सोलर रूफटॉप दिए जा रहे हैं। वर्ष 2027 तक इस योजना का लाभ 25 लाख घरों तक पहुंचाने का लक्ष्य रखा गया है।
मुख्यमंत्री के भाषण में रोजगार, शिक्षा, स्वास्थ्य, किसान कल्याण और बुनियादी ढांचे को सबसे ज्यादा प्राथमिकता दी गई। सरकार के इन ऐलानों को बिहार के विकास और युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम के तौर पर देखा जा रहा है।