Breaking News

दोस्ती की आड़ में मिली मौत: पैरा एथलीट चिराग त्यागी की हत्या से टूटा परिवार, पिता बोले- बेटे जैसा माना, उसी ने छीन ली जिंदगी

Bolta Sach News
|
Death in the name of friendship
बोलता सच,गाजियाबाद। मुरादनगर के बसंतपुर सैंथली गांव में पैरा एथलीट चिराग त्यागी की हत्या के बाद शोक की लहर है। जापान में होने वाले एशियन पैरा गेम्स के लिए चयनित चिराग की मौत ने परिवार को गहरे सदमे में डाल दिया है। बेटे का शव देखकर पिता मनोज त्यागी का दर्द छलक पड़ा। उन्होंने आरोप लगाया कि जिस यश को उन्होंने बेटे जैसा स्नेह दिया, उसी ने दोस्ती की आड़ में उनके बेटे की हत्या कर दी।

मनोज त्यागी ने बताया कि यश अक्सर उनके घर आता-जाता था और चिराग का करीबी दोस्त माना जाता था। जब चिराग उसका फोन नहीं उठाता था तो वह उन्हें फोन कर बात कराने के लिए कहता था। उन्होंने कहा, “मैं उसे हमेशा भाईचारे से रहने की सीख देता था। कभी नहीं सोचा था कि वही मेरे बेटे की जान ले लेगा। उसने दोस्ती नहीं, दोस्ती का कत्ल किया है।”

पिता के अनुसार, चिराग के करीब एक लाख रुपये यश पर उधार थे। हालांकि चिराग उन्हें पैसे मांगने से रोकता था और कहता था कि वह खुद इस मामले को संभाल लेगा। इसके अलावा यश को यह गलतफहमी थी कि किसी खेल प्रतियोगिता में उसकी शिकायत चिराग ने की थी, जिसके कारण वह अयोग्य घोषित हो गया। परिजनों का दावा है कि यश पहले ही प्रतियोगिता से बाहर हो चुका था और इसी रंजिश ने हत्या की साजिश का रूप ले लिया।

मनोज त्यागी ने बताया कि शनिवार सुबह करीब सात बजे उनकी चिराग से आखिरी बार बातचीत हुई थी। चिराग ने उनसे कहा था कि वह साढ़े दस बजे तक घर पहुंच जाएगा और दाल-चावल बनाने को कहा था। लेकिन शाम करीब चार बजे पुलिस का फोन आया और उन्हें बेटे के हादसे की सूचना दी गई। जब वे एमएमजी अस्पताल पहुंचे तो पता चला कि चिराग की मौत हो चुकी है।

परिजनों ने बताया कि चिराग हाल ही में जापान एशियन पैरा गेम्स के लिए 1500 मीटर और 400 मीटर दौड़ में चयनित हुआ था। वह अपने चयन को लेकर बेहद उत्साहित था और देश के लिए पदक जीतने का सपना देख रहा था।

घटना के बाद परिवार ने आरोपित के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। मनोज त्यागी ने कहा कि उनके परिवार को सिर्फ न्याय चाहिए और दोषी को उसके अपराध की कठोर सजा मिलनी चाहिए। वहीं पुलिस का कहना है कि मुख्य आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। मामले की सभी पहलुओं से जांच की जा रही है और हत्या में प्रयुक्त हथियार की बरामदगी के लिए पुलिस टीमें लगातार कार्रवाई कर रही हैं।



Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: