बोलता सच,गाजियाबाद। दिल्ली से सटे खोड़ा क्षेत्र में चर्चित सूर्या चौहान हत्याकांड में पुलिस को एक और बड़ी सफलता मिली है। घटना के बाद से फरार चल रहे 25 हजार रुपये के इनामी आरोपी सारिक मेवाती को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है। वह इस मामले में गिरफ्तार होने वाला चौथा आरोपी है।
पुलिस के अनुसार, जांच के दौरान सामने आया था कि वारदात में असद, नवाब, फरहान, अतीक और सारिक मेवाती समेत कई लोग शामिल थे। मुख्य आरोपी असद को पुलिस पहले ही मुठभेड़ में मार गिरा चुकी है, जबकि उसके पिता नवाब, फरहान और अतीक को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। इसके बाद से सारिक मेवाती फरार चल रहा था, जिस पर 25 हजार रुपये का इनाम घोषित किया गया था।
खोड़ा पुलिस लगातार उसकी तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही थी। बुधवार को मुखबिर की सूचना पर पुलिस ने इंदिरापुरम अंडरपास के पास नहर पटरी से उसे गिरफ्तार कर लिया। आरोपी खोड़ा कॉलोनी के नवनीत विहार का निवासी है, जबकि उसका मूल निवास अलीगढ़ जिले के छर्रा क्षेत्र में बताया गया है।
पुलिस पूछताछ में आरोपी ने घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। पुलिस के मुताबिक उसने बताया कि उसने अपने साथियों के साथ मिलकर सूर्या चौहान पर चाकुओं से हमला किया था। फिलहाल पुलिस उससे घटना से जुड़े अन्य पहलुओं और उसके आपराधिक इतिहास के संबंध में पूछताछ कर रही है।
उल्लेखनीय है कि 28 मई को सूर्या चौहान की चाकू मारकर हत्या कर दी गई थी। घटना के बाद क्षेत्र में तनाव की स्थिति बन गई थी, जिसके मद्देनजर भारी पुलिस बल तैनात किया गया था।
इस मामले में पुलिस पहले ही मुख्य आरोपी असद के खिलाफ कार्रवाई कर चुकी है और अन्य आरोपियों को गिरफ्तार कर जेल भेजा जा चुका है। मामले की जांच अभी भी जारी है तथा पुलिस शेष तथ्यों और साक्ष्यों को एकत्र करने में जुटी हुई है।
वहीं, मृतक सूर्या चौहान की मां ने सभी आरोपियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग की है। उन्होंने कहा कि उनके परिवार को पूर्ण न्याय तभी मिलेगा जब मामले में शामिल सभी दोषियों को कानून के अनुसार सजा मिले।
पुलिस अधिकारियों का कहना है कि मामले से जुड़े प्रत्येक आरोपी के खिलाफ उपलब्ध साक्ष्यों के आधार पर नियमानुसार कार्रवाई की जाएगी और किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा।
इसे भी पढ़े : मन की बात में बोले पीएम मोदी: गंगा डॉल्फिन बचाना सिर्फ एक जीव नहीं, पूरी जैव विविधता की रक्षा है
➤ You May Also Like

































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































