Breaking News

फर्जी लेटर पैड और हस्ताक्षर से 4.08 करोड़ की सरकारी धनराशि लेने का आरोप, बीजेपी MLC के प्रतिनिधि की शिकायत पर मुकदमा

Bolta Sach News
|
Fake letter pad and signature

बोलता सच,गाजीपुर : भाजपा के एमएलसी विशाल सिंह चंचल के फर्जी लेटर पैड और कथित फर्जी हस्ताक्षर का इस्तेमाल कर शासन से करीब 4.08 करोड़ रुपये की धनराशि हासिल करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि जमानिया नगर पालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता और उनके सहयोगियों ने पंडित दीनदयाल योजना के तहत नगर में लाइटिंग और अन्य विकास कार्यों के लिए फर्जी दस्तावेजों के जरिए शासन को प्रस्ताव भेजा। मामले में एमएलसी के प्रतिनिधि डॉ. प्रदीप कुमार पाठक की शिकायत पर पुलिस ने मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।

पुलिस को दी गई शिकायत में डॉ. प्रदीप कुमार पाठक ने आरोप लगाया कि एमएलसी विशाल सिंह चंचल के नाम और फर्जी लेटर पैड का इस्तेमाल करते हुए जमानिया नगर पालिका से संबंधित पत्राचार शासन को भेजा गया। इसी प्रक्रिया के तहत पंडित दीनदयाल योजना के अंतर्गत नगर में लाइटिंग समेत अन्य विकास कार्यों के लिए करीब 4 करोड़ 8 लाख रुपये की धनराशि शासन से जारी करा ली गई।

शासन से पैसा जारी होने की जानकारी पर सामने आया मामला

बताया गया कि नगर पालिका परिषद की ओर से लाइटिंग से संबंधित प्रस्ताव तैयार कर जून महीने में शासन को भेजा गया था। हालांकि, इस पूरी प्रक्रिया की जानकारी एमएलसी और उनके प्रतिनिधियों को उस समय हुई, जब शासन की ओर से एमएलसी के नाम पर धनराशि जारी किए जाने का पत्र प्राप्त हुआ। पत्र सामने आने के बाद एमएलसी पक्ष ने मामले पर हैरानी जताई और पूरे प्रकरण की जानकारी जुटाई।

एमएलसी की ओर से इस मामले में नगर विकास मंत्री को पत्र लिखकर कार्रवाई की मांग की गई। इसके साथ ही जिलाधिकारी और पुलिस अधीक्षक गाजीपुर से भी शिकायत की गई। इसके बाद एमएलसी के प्रतिनिधि डॉ. प्रदीप कुमार पाठक ने शुक्रवार देर शाम जमानिया नगरपालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता समेत अन्य लोगों के खिलाफ पुलिस को लिखित तहरीर दी।

पुलिस ने दर्ज किया मुकदमा

शिकायत के आधार पर पुलिस ने जमानिया नगरपालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता और उनके सहयोगियों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया है। पुलिस अब फर्जी लेटर पैड, हस्ताक्षर और शासन को भेजे गए दस्तावेजों की जांच कर रही है। साथ ही यह पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है कि धनराशि जारी कराने की प्रक्रिया में किन-किन लोगों की भूमिका रही।

वहीं, जमानिया नगरपालिका अध्यक्ष जयप्रकाश गुप्ता ने अपने ऊपर लगे आरोपों को पूरी तरह बेबुनियाद बताया है। उन्होंने दावा किया कि उनके खिलाफ फर्जी मुकदमा दर्ज कराया गया है। मुकदमा दर्ज होने के विरोध में जयप्रकाश गुप्ता शनिवार से धरने पर भी बैठ गए हैं।

अब पुलिस की जांच और दस्तावेजों के सत्यापन के बाद ही यह स्पष्ट होगा कि कथित फर्जीवाड़े में किसकी भूमिका थी और सरकारी धनराशि जारी कराने की प्रक्रिया में किन स्तरों पर अनियमितता हुई।


इसे भी पढ़े : बुर्का विवाद के बाद फिर कांवड़ यात्रा पर निकलीं तमन्ना मलिक, सनातन धर्म को लेकर दिया बड़ा बयान


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: