Breaking News

गोवा: अर्पोरा के नाइट क्लब में भीषण आग से 25 लोगों की मौत, मुख्यमंत्री ने दिए मजिस्ट्रियल जांच के आदेश

Bolta Sach News
|
Goa At a nightclub in Arpora
बोलता सच : गोवा के मुख्यमंत्री प्रमोद सावंत ने अर्पोरा स्थित एक नाइट क्लब में लगी भीषण आग में 25 लोगों की मौत की घटना को गंभीर बताते हुए इसकी मजिस्ट्रियल जांच के आदेश दिए हैं। यह दुर्घटना शनिवार देर रात बर्च बाय रोमियो लेन क्लब में हुई, जो राजधानी पणजी से करीब 25 किलोमीटर दूर स्थित है और पिछले वर्ष ही शुरू हुआ था।
मुख्यमंत्री सावंत ने बताया कि क्लब के प्रबंधक सहित कई लोगों को गिरफ्तार किया जा चुका है, जबकि क्लब मालिकों के खिलाफ गिरफ्तारी वारंट जारी कर दिया गया है। उन्होंने कहा कि जब वह रात करीब डेढ़-दो बजे मौके पर पहुंचे, तब स्थानीय विधायक माइकल लोबो सहित सभी संबंधित अधिकारी मौजूद थे। आग पर आधे घंटे में काबू पा लिया गया, लेकिन कई लोग समय रहते बाहर नहीं निकल सके।
प्रारंभिक रिपोर्टों के अनुसार, मृतकों में चार पर्यटक और शेष क्लब के कर्मचारी बताए जा रहे हैं। कई लोगों की मौत दम घुटने से हुई। मुख्यमंत्री ने मृतकों के प्रति संवेदना व्यक्त की और कहा कि उनके परिवारों को सरकारी मुआवजा दिया जाएगा। हादसे में घायल छह लोगों का इलाज गोवा मेडिकल कॉलेज में किया जा रहा है।
उन्होंने कहा कि जांच में यह पता लगाया जाएगा कि क्लब ने कौन-कौन सी मंजूरियां ली थीं, उन्हें किसने जारी किया था, और क्या भवन निर्माण तथा अग्नि सुरक्षा मानकों का पालन किया गया था। मुख्यमंत्री ने स्पष्ट किया कि दोषियों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा।
मुख्यमंत्री सावंत के अनुसार, प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने उनसे बात कर दुर्घटना और घायलों की स्थिति के बारे में जानकारी ली। प्रधानमंत्री ने मृतकों के परिजनों को प्रधानमंत्री राष्ट्रीय राहत कोष से दो लाख रुपये और घायलों को 50 हजार रुपये की सहायता राशि देने की घोषणा की है।

इसको भी पढ़ें : टैगोर की ‘फ्रॉम अक्रॉस द डार्क’ पेंटिंग पहली बार नीलामी में, 2–3 करोड़ मिलने की उम्मीद


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply