Breaking News

दिल्ली में चलती बस में महिला से गैंगरेप का आरोप, विपक्ष ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल

Bolta Sach News
|
Woman on a moving bus in Delhi
बोलता सच,नई दिल्ली : नई दिल्ली में एक बार फिर महिलाओं की सुरक्षा को लेकर गंभीर सवाल खड़े हो गए हैं। राजधानी के रानी बाग इलाके में चलती बस के अंदर एक महिला के साथ कथित सामूहिक दुष्कर्म की घटना सामने आने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। घटना को लेकर आम आदमी पार्टी के राष्ट्रीय संयोजक अरविंद केजरीवाल समेत पार्टी के कई नेताओं ने भाजपा सरकार और दिल्ली पुलिस पर निशाना साधा है।
जानकारी के मुताबिक करीब 30 वर्षीय महिला को देर रात समय पूछने के बहाने बस में बैठाया गया। आरोप है कि इसके बाद बस के अंदर उसके साथ करीब दो घंटे तक दरिंदगी की गई। बताया जा रहा है कि बस लगभग सात किलोमीटर तक शहर में घूमती रही, लेकिन कहीं भी पुलिस जांच या रोक-टोक नहीं हुई। बाद में पीड़िता को सड़क किनारे फेंक दिया गया।
घटना सामने आने के बाद दिल्ली की कानून-व्यवस्था को लेकर विपक्ष ने तीखी प्रतिक्रिया दी है। अरविंद केजरीवाल ने सोशल मीडिया पर लिखा कि राजधानी में एक बार फिर चलती बस में गैंगरेप की घटना हुई है और ऐसा लगता है कि देश ने निर्भया कांड से कोई सबक नहीं लिया। उन्होंने इस घटना को पूरे समाज के लिए शर्मनाक और कलंक बताया।
वहीं, आप नेता सौरभ भारद्वाज ने आरोप लगाया कि दिल्ली पुलिस ने इस मामले को दो दिनों तक सार्वजनिक नहीं किया। उन्होंने कहा कि दिल्ली की जनता सिर्फ दर्शक नहीं बल्कि सरकार की मालिक है और सरकार को जनता के सवालों का जवाब देना चाहिए।
मनीष सिसोदिया ने भी घटना पर कड़ी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि दिल्ली में भाजपा के “चारों इंजन” फेल हो चुके हैं और राजधानी में न तो स्कूलों में बच्चियां सुरक्षित हैं और न ही सार्वजनिक परिवहन में महिलाएं खुद को सुरक्षित महसूस कर रही हैं।
दिल्ली विधानसभा में नेता प्रतिपक्ष आतिशी ने कहा कि इस घटना ने निर्भया कांड की भयावह यादों को फिर से ताजा कर दिया है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जवाबदेही तय करने के बजाय केवल प्रचार और सोशल मीडिया छवि बनाने में व्यस्त है।
आतिशी ने कहा कि राजधानी में अपराधियों के मन से कानून का डर खत्म होता जा रहा है और महिलाएं लगातार भय के माहौल में जीने को मजबूर हैं। उन्होंने मांग की कि मामले में आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई हो और महिलाओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
घटना के बाद दिल्ली पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। पुलिस आसपास के सीसीटीवी फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर आरोपियों की तलाश कर रही है। वहीं, इस घटना ने एक बार फिर राजधानी में महिला सुरक्षा को लेकर बहस तेज कर दी है।

इसे भी पढ़े : सागर के आशीष शुक्ला ने ब्रिटेन में जीता स्थानीय चुनाव, AI और टेक्नोलॉजी क्षेत्र में भी बनाई पहचान


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

1 thought on “दिल्ली में चलती बस में महिला से गैंगरेप का आरोप, विपक्ष ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल”

Leave a Reply

error: