Breaking News

राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले में SIT की फाइनल रिपोर्ट, चंपत राय और अनिल मिश्रा का नाम नहीं

Bolta Sach News
|
Ram temple offering theft case

बोलता सच,अयोध्या : राम मंदिर चढ़ावा चोरी मामले की जांच कर रही विशेष जांच टीम (SIT) ने अपनी अंतिम रिपोर्ट श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट को सौंप दी है। मीडिया रिपोर्ट्स के मुताबिक, रिपोर्ट में ट्रस्ट के पूर्व महासचिव चंपत राय और सदस्य अनिल मिश्रा का नाम शामिल नहीं है। इसके बाद दोनों को मामले में क्लीनचिट मिलने की चर्चाएं तेज हो गई हैं। दोनों ने 27 जून को अपने पदों से इस्तीफा दिया था। हालांकि, रिपोर्ट में नाम नहीं होने को क्लीनचिट के रूप में देखे जाने की बात मीडिया रिपोर्ट्स में कही जा रही है।

तीन सदस्यीय SIT ने की थी जांच

उत्तर प्रदेश सरकार ने ट्रस्ट के अनुरोध पर तीन सदस्यीय SIT का गठन किया था। लखनऊ मंडलायुक्त विजय विश्वास पंत की अध्यक्षता वाली टीम ने 23 जून को अपनी प्रारंभिक रिपोर्ट सौंपी थी। इसके आधार पर 25 जून को अयोध्या के श्रीराम जन्मभूमि थाने में पहली FIR दर्ज की गई थी। SIT में IG रेंज किरण एस. और विशेष सचिव (वित्त) नील रतन कुमार भी सदस्य के रूप में शामिल थे।

सात आरोपियों के खिलाफ FIR

SIT की जांच के बाद अविनाश शुक्ला, अनुकल्प मिश्रा, करुणेश पांडेय, मनीष कुमार यादव, सुभाष श्रीवास्तव, श्रीरामशंकर यादव उर्फ टिन्नू और लवकुश मिश्रा के खिलाफ FIR दर्ज की गई। रिपोर्ट सौंपे जाने के बाद अब इन आरोपियों के खिलाफ आगे की कानूनी कार्रवाई का रास्ता साफ माना जा रहा है।

चंपत राय ने आरोपों से किया था इनकार

जांच के दौरान चंपत राय ने चढ़ावा चोरी में अपनी भूमिका से इनकार किया था। उनका कहना था कि उन्होंने ही चढ़ावा चोरी की शिकायत की थी, जिसके बाद संदिग्ध व्यक्ति को गिरफ्तार किया गया।

आरोपियों ने चोरी की बात कबूली

SIT की जांच के दौरान आरोपियों द्वारा कथित तौर पर चढ़ावे में आए रुपये चोरी करने की बात स्वीकार किए जाने की जानकारी सामने आई थी। इस मामले में अब तक आठ आरोपियों की गिरफ्तारी बताई गई है। घटना के बाद राम मंदिर ट्रस्ट ने चढ़ावे की गिनती की व्यवस्था में भी बदलाव किया है। अब चढ़ावे की गिनती एक ही पाली में सुबह 9 बजे से शाम 6 बजे तक किए जाने की व्यवस्था की गई है।



Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: