जानकारी के अनुसार, एमपी बिल्डिंग में स्थित यह दुकान पिछले तीन दिनों से बंद थी, जिससे आसपास के दुकानदारों को पहले ही संदेह हो रहा था। बुधवार को जब दुकान के आसपास से तेज दुर्गंध आने लगी, तो पड़ोसी दुकानदारों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और दुकान का शटर खोलकर अंदर प्रवेश किया। अंदर का दृश्य देखकर पुलिसकर्मी भी हैरान रह गए, जहां एक युवती का शव पड़ा हुआ मिला। मृतका की पहचान गंगोत्री (25) के रूप में हुई है, जो महराजगंज जिले के पुरेन्द्रपुर थाना क्षेत्र के करमैनी गांव की निवासी बताई जा रही है।
घटना की सूचना मिलते ही परिजन भी मौके पर पहुंच गए, जिसके बाद माहौल और भी गमगीन हो गया। शव की स्थिति को देखकर आशंका जताई जा रही है कि युवती की मौत कई दिन पहले ही हो चुकी थी।
पुलिस ने मौके का मुआयना कर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। फिलहाल मौत के कारणों का स्पष्ट पता नहीं चल पाया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और दुकान से जुड़े सभी पहलुओं की जांच में जुटी है।
प्रारंभिक जांच के आधार पर पुलिस हर एंगल से मामले की जांच कर रही है। अधिकारियों का कहना है कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा। फिलहाल इस घटना से पूरे इलाके में सनसनी फैली हुई है और लोग घटना को लेकर तरह-तरह की चर्चाएं कर रहे हैं।