Breaking News

लोकसभा में राहुल गांधी के बयान पर बवाल, अमित शाह पर लगाए गंभीर आरोप; बीजेपी ने मांगी माफी

Bolta Sach News
|
Rahul Gandhi in Lok Sabha

बोलता सच,नई दिल्ली : लोकसभा में बुधवार को एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान नेता प्रतिपक्ष राहुल गांधी के बयान को लेकर जोरदार हंगामा हुआ। राहुल गांधी ने नीट पेपर लीक के विरोध में छात्रों के प्रदर्शन के दौरान हुई पुलिस कार्रवाई का जिक्र करते हुए केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर गंभीर आरोप लगाए। उनके बयान का सत्तापक्ष ने कड़ा विरोध किया और उनसे माफी की मांग की।

सदन के बाहर भी राहुल गांधी ने दोहराए सवाल

सदन की कार्यवाही के बाद पत्रकारों से बातचीत में राहुल गांधी ने कहा कि गृह मंत्री अमित शाह सदन में मौजूद नहीं थे। उन्होंने सवाल किया कि यदि उन्होंने कोई आदेश नहीं दिया था तो उन्हें सदन में आकर इस पर सफाई देनी चाहिए।

राहुल गांधी ने कहा कि इस मामले में केवल दो ही संभावनाएं हो सकती हैं। पहली, यदि गृह मंत्री ने कार्रवाई का आदेश दिया था तो उन्हें इसकी जिम्मेदारी लेनी चाहिए। दूसरी, यदि उन्हें इसकी जानकारी ही नहीं थी तो यह गंभीर प्रशासनिक सवाल खड़ा करता है। उन्होंने कहा कि इस मामले पर गृह मंत्री को अपनी स्थिति स्पष्ट करनी चाहिए।

एंटी पेपर लीक बिल पर चर्चा के दौरान हुआ विवाद

राहुल गांधी ने ‘लोक परीक्षा (अनुचित साधन निवारण) संशोधन विधेयक, 2026’ पर चर्चा के दौरान छात्रों के आंदोलन का उल्लेख करते हुए गृह मंत्री पर टिप्पणी की। इसके बाद सत्ता पक्ष के सांसदों ने कड़ा विरोध जताया।

संसदीय कार्य मंत्री किरेन रिजिजू ने कहा कि नेता प्रतिपक्ष ने बिना किसी प्रमाण के गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने राहुल गांधी से अपने बयान का आधार बताने या सदन से माफी मांगने की मांग की।

लोकसभा अध्यक्ष ने भी जताई आपत्ति

लोकसभा अध्यक्ष ओम बिरला ने कहा कि सदन में किसी भी व्यक्ति पर बिना तथ्य, जांच या साक्ष्य के आरोप नहीं लगाए जा सकते। उन्होंने सदन की गरिमा बनाए रखने की आवश्यकता पर जोर दिया।

छात्रों के आंदोलन का भी किया जिक्र

चर्चा के दौरान राहुल गांधी ने कहा कि पेपर लीक के खिलाफ प्रदर्शन करने वाले छात्रों ने साहस के साथ अपनी आवाज उठाई और सरकार से सवाल पूछे। उन्होंने कहा कि युवाओं ने डर का माहौल तोड़ते हुए अपने अधिकारों के लिए संघर्ष किया।

सपा ने सरकार से मांगा जवाब

समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष अखिलेश यादव ने कहा कि यदि नेता प्रतिपक्ष ने गंभीर आरोप लगाए हैं तो सरकार को स्पष्ट करना चाहिए कि संबंधित कार्रवाई का आदेश किसने दिया था।

नारेबाजी से गूंजा सदन

राहुल गांधी के बयान के बाद लोकसभा में सत्ता पक्ष और विपक्ष के बीच तीखी नोकझोंक हुई। भाजपा सांसदों ने “राहुल गांधी माफी मांगो” के नारे लगाए, जबकि कांग्रेस सांसद “गृह मंत्री जवाब दो” के नारे लगाते रहे। दोनों पक्षों के हंगामे के कारण सदन में कुछ समय तक गतिरोध की स्थिति बनी रही।


इसे भी पढ़े : कौन थे मौलाना मोहम्मद अली जौहर? जिनके नाम पर बनी यूनिवर्सिटी के 38 भवनों पर मंडरा रहा ध्वस्तीकरण का खतरा


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: