बोलता सच,मथुरा : वृंदावन स्थित इस्कॉन मंदिर में श्रद्धालुओं के लिए पारंपरिक और शालीन वेशभूषा को अनिवार्य कर दिया गया है। मंदिर प्रशासन की ओर से ड्रेस एडवाइजरी जारी करते हुए भक्तों से भारतीय पारंपरिक कपड़ों में मंदिर आने की अपील की गई है। मंदिर प्रबंधन का कहना है कि पवित्र स्थल की मर्यादा और धार्मिक परंपराओं को ध्यान में रखते हुए यह व्यवस्था लागू की गई है।
इस्कॉन के जनसंपर्क अधिकारी रविलोचन दास ने बताया कि मंदिर में प्रवेश के लिए श्रद्धालुओं को पारंपरिक वेशभूषा का पालन करना होगा। महिलाओं से साड़ी जैसे पारंपरिक परिधान और पुरुषों से पैंट-शर्ट या धोती-कुर्ता पहनकर आने की अपील की गई है।
इन कपड़ों में मंदिर में प्रवेश पर रोक
नई ड्रेस एडवाइजरी के तहत बिना आस्तीन के कपड़े, शॉर्ट्स, मिनी स्कर्ट और हाफ पैंट पहनकर आने वाले श्रद्धालुओं को मंदिर में प्रवेश की अनुमति नहीं होगी। मंदिर प्रशासन ने श्रद्धालुओं से धार्मिक स्थल की गरिमा के अनुरूप कपड़े पहनने की अपील की है।
मंदिर के प्रवेश द्वार पर ड्रेस कोड से संबंधित नोटिस बोर्ड भी लगाया गया है, ताकि मंदिर में आने वाले श्रद्धालुओं को पहले से नियमों की जानकारी मिल सके। मंदिर प्रशासन के अनुसार इस व्यवस्था को लागू करने की तैयारी पिछले करीब एक साल से चल रही थी।
मंदिर परिसर में फोटोग्राफी और वीडियो रिकॉर्डिंग भी प्रतिबंधित
ड्रेस कोड के साथ मंदिर परिसर में फोटोग्राफी, सेल्फी और वीडियो रिकॉर्डिंग पर भी रोक लगाई गई है। मंदिर प्रशासन का कहना है कि इन प्रतिबंधों का उद्देश्य श्रद्धालुओं के लिए शांतिपूर्ण और आध्यात्मिक वातावरण बनाए रखना है।
दिल्ली इस्कॉन के ट्रस्टी और कंट्री डायरेक्टर ऑफ कम्युनिकेशंस युधिष्ठिर गोविंदा दास ने कहा कि ड्रेस कोड महिला और पुरुष दोनों श्रद्धालुओं पर लागू होगा। उनके मुताबिक मंदिर जैसे पवित्र स्थान पर भक्त भगवान के प्रति श्रद्धा और समर्पण की भावना से आते हैं, इसलिए वहां की मर्यादा का पालन करना जरूरी है।
उन्होंने कहा कि देश के कई प्रमुख मंदिरों में पहले से ही पारंपरिक वेशभूषा को लेकर नियम लागू हैं। इसी तरह वृंदावन इस्कॉन मंदिर में भी धार्मिक वातावरण और परंपरा को ध्यान में रखते हुए श्रद्धालुओं से मर्यादित वेशभूषा अपनाने की अपेक्षा की जा रही है।
इसे भी पढ़े : गोरखपुर: बाबा धाम गए युवक की तालाब में मिली लाश, परिजनों ने सड़क पर शव रखकर किया चक्का जाम
➤ You May Also Like
Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस
Subscribe to get the latest posts sent to your email.






























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































