Breaking News

चक्रवात ‘मोंथा’ का खतरा: आंध्र, ओडिशा, बंगाल और तमिलनाडु में भारी बारिश की चेतावनी, गुजरात-महाराष्ट्र में भी बेमौसम बरसात

Bolta Sach News
|
Cyclone 'Montha' threat Andhra

बोलता सच : मौसम विभाग ने बंगाल की खाड़ी में बन रहे चक्रवात ‘मोंथा’ (Montha) को लेकर अलर्ट जारी किया है। विभाग के अनुसार, यह चक्रवात 28 अक्तूबर की शाम तक काकीनाडा के पास मछिलीपट्टनम और कालिंगपट्टनम के बीच आंध्र तट को पार कर सकता है। इस दौरान हवाओं की रफ्तार 100 से 110 किलोमीटर प्रति घंटा तक पहुंचने की संभावना है।

आंध्र प्रदेश में व्यापक तैयारी

राज्य सरकार ने राहत, खाद्यान्न, ईंधन और आवश्यक वस्तुओं की आपूर्ति सुनिश्चित करने के लिए सभी विभागों को अलर्ट कर दिया है। सभी सरकारी दुकानों में 26 अक्तूबर तक खाद्यान्न की आपूर्ति पूरी कर ली गई है। मंडल स्तर पर पर्याप्त स्टॉक रखा गया है।
नागरिक आपूर्ति मंत्री एन. मनोहर ने बताया कि पेट्रोल, डीजल और एलपीजी का पर्याप्त भंडारण सुनिश्चित किया जा रहा है। जिला कलेक्टरों को निर्देश दिए गए हैं कि अस्पतालों, कंट्रोल रूम और चक्रवात शरणस्थलों में डीजल जनरेटरों के लिए ईंधन की व्यवस्था बनी रहे।
धान खरीद नवंबर के पहले सप्ताह से शुरू होगी, जबकि जिन किसानों ने पहले ही फसल काट ली है, उनके लिए खरीद केंद्र खोले जाएंगे। फसल सुरक्षा के लिए 50 हजार तिरपाल, रस्सियां और प्लास्टिक शीटें पहले से तैयार रखी गई हैं।

ओडिशा में रेड अलर्ट

ओडिशा सरकार ने राज्य के 30 जिलों में रेड अलर्ट जारी कर दिया है। मौसम विभाग ने 28 से 31 अक्तूबर तक लगातार भारी बारिश की चेतावनी दी है। सभी जिलों में प्रशासन और राहत दलों को हाई अलर्ट पर रखा गया है ताकि संभावित आपदा से निपटा जा सके।

पश्चिम बंगाल में तेज बारिश और बिजली गिरने की संभावना

बंगाल की खाड़ी में बना कम दबाव क्षेत्र पश्चिम की ओर बढ़ रहा है। दक्षिण 24 परगना, पूर्व और पश्चिम मिदनापुर, झारग्राम, कोलकाता और हावड़ा में 28 से 29 अक्तूबर के बीच तेज हवाएं (30–40 किमी/घं.), बिजली गिरने और गरज-चमक के साथ भारी बारिश की संभावना है। तटीय इलाकों में कुछ जगहों पर 7 से 11 सेंटीमीटर तक बारिश हो सकती है।

आंध्र तट पर स्टॉक पहुंचा

आंध्र प्रदेश के तटीय जिलों में अब तक 40 प्रतिशत स्टॉक की आपूर्ति पूरी कर ली गई है। जिला प्रशासन को खाद्यान्न की दूसरी खेप भेजने के लिए जीपीएस ट्रैकिंग से छूट दी गई है ताकि आपूर्ति में देरी न हो।

गुजरात में बेमौसम बारिश, फसलों को नुकसान

अरब सागर में बने कम दबाव के कारण रविवार को दक्षिण गुजरात और सौराष्ट्र में बेमौसम बारिश हुई। नवसारी में 157 मिमी वर्षा दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार, अगले चार दिनों तक हल्की से मध्यम बारिश की संभावना है।
नवसारी, वलसाड, अमरेली, जूनागढ़, भावनगर और गिर सोमनाथ जिलों में भारी से बहुत भारी बारिश की चेतावनी जारी की गई है। विशेषज्ञों ने कहा कि अचानक हुई इस बारिश से फसलों को नुकसान पहुंच सकता है।

महाराष्ट्र और अरुणाचल में भी अलर्ट

महाराष्ट्र के नांदेड़ जिले में 29 अक्तूबर तक येलो अलर्ट जारी किया गया है। यहां हल्की से मध्यम बारिश, गरज-चमक और 30–40 किमी/घं. की हवाएं चलने की संभावना है।
वहीं, अरुणाचल प्रदेश में 29–30 अक्तूबर को येलो अलर्ट जारी किया गया है। तवांग, पश्चिम और पूर्व कामेंग, लोअर सियांग, पक्के-केसांग और लोअर दिबांग वैली जिलों में मध्यम बारिश और गरज-चमक की आशंका है। विभाग ने लोगों को सतर्क रहने और बिजली गिरने से बचाव के उपाय अपनाने की सलाह दी है।


इस खबर को भी पढ़ें : उत्तर प्रदेश में फिर बदलेगा मौसम: 27 से 31 अक्तूबर तक कई जिलों में बारिश के आसार 

Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

1 thought on “चक्रवात ‘मोंथा’ का खतरा: आंध्र, ओडिशा, बंगाल और तमिलनाडु में भारी बारिश की चेतावनी, गुजरात-महाराष्ट्र में भी बेमौसम बरसात”

Leave a Reply