Breaking News

महाशिवरात्रि पर योगी आदित्यनाथ ने किया रुद्राभिषेक, प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना

Bolta Sach News
|
Yogi Adityanath on Mahashivratri
बोलता सच,गोरखपुर : महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने रविवार सुबह गोरखनाथ मंदिर के शक्तिपीठ में भगवान शिव का विधि-विधान से रुद्राभिषेक किया। उन्होंने प्रदेशवासियों के आरोग्यमय, सुखमय, समृद्धमय और शांतिमय जीवन की मंगलकामना की।

जनता दर्शन के बाद मुख्यमंत्री ने मठ के प्रथम तल पर स्थित शक्ति मंदिर में भगवान भोले शंकर का दुग्ध, दही, घी, मधु और शर्करा से पंचस्नान कराया। इसके पश्चात वैदिक मंत्रोच्चार के बीच रुद्राभिषेक संपन्न हुआ। मठ के पुरोहितों और वेदपाठी ब्राह्मणों ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी महामंत्रों से अनुष्ठान पूर्ण कराया।

रुद्राभिषेक के उपरांत मुख्यमंत्री ने अंधियारी बाग स्थित मानसरोवर मंदिर में भी दर्शन-पूजन कर दुग्धाभिषेक और जलाभिषेक किया। हवन और आरती के साथ पूजन अनुष्ठान सम्पन्न हुआ।

इसके बाद वे भरोहिया स्थित पांडवकालीन मान्यता वाले पितेश्वरनाथ शिव मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने बाबा पितेश्वरनाथ का विधि-विधान से जलाभिषेक कर समस्त मानव जाति के कल्याण, सुख-समृद्धि और शांति की प्रार्थना की। उल्लेखनीय है कि इस मंदिर का गोरक्षपीठ से विशेष संबंध रहा है और गोरक्षपीठाधीश्वर प्रत्येक महाशिवरात्रि पर यहां जलाभिषेक करते हैं।

इस अवसर पर सांसद रविकिशन शुक्ल, महापौर डॉ. मंगलेश श्रीवास्तव, विधायक फतेह बहादुर सिंह सहित कई जनप्रतिनिधि मौजूद रहे। मुख्यमंत्री ने गुरु गोरखनाथ विद्यापीठ परिसर में स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना, बच्चों को आशीर्वाद दिया और खिलाड़ियों का उत्साहवर्धन भी किया।



Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: