बोलता सच,लखनऊ : राजधानी लखनऊ से एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहां 35 वर्षीय प्रॉपर्टी डीलर प्रबल जैन ने आईपीएल सट्टेबाजी में भारी नुकसान और कर्ज के दबाव में आकर आत्महत्या कर ली। Indian Premier League से जुड़े सट्टे में लाखों रुपये गंवाने के बाद युवक ने जनेश्वर अपार्टमेंट की 11वीं मंजिल से छलांग लगा दी।
घटना गुडंबा थाना क्षेत्र की है, जहां प्रबल अपनी पत्नी के साथ किराए के फ्लैट में रह रहा था। पुलिस को मौके से एक सुसाइड नोट मिला है, जिसमें उसने सट्टेबाजी में पूरी जमा-पूंजी हारने और कर्ज के बोझ तले दबने की बात लिखी है। उसने अपने परिवार और पत्नी से माफी भी मांगी है।
जानकारी के अनुसार, घटना से पहले प्रबल ने अपनी पत्नी शिवानी को फोन किया और फूट-फूटकर रोते हुए आत्महत्या की बात कही। पत्नी उसे समझाती रही, लेकिन कॉल कटने के कुछ ही देर बाद उसने यह खौफनाक कदम उठा लिया। जब तक पत्नी मौके पर पहुंची, तब तक प्रबल गंभीर हालत में जमीन पर पड़ा था।
मौके पर पहुंचे इंस्पेक्टर अंजनी कुमार मिश्रा और फॉरेंसिक टीम ने फ्लैट से सुसाइड नोट और दो मोबाइल फोन बरामद कर जांच शुरू कर दी है। एसीपी अनिंद्य विक्रम सिंह के अनुसार, बैंक स्टेटमेंट और अन्य तथ्यों के आधार पर मामले की विस्तृत जांच की जा रही है।
प्रबल जैन मूल रूप से सीतापुर के महमूदाबाद का निवासी था और उसने Integral University से पढ़ाई की थी। पढ़ाई के दौरान ही उसकी मुलाकात झारखंड के बोकारो की रहने वाली शिवानी से हुई, जिसके बाद दोनों ने लव मैरिज की थी। डेढ़ साल पहले शादी करने के बाद वे लखनऊ में साथ रह रहे थे।
पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और पूरे मामले की जांच जारी है
इसे भी पढ़े : दुधवा में बेकाबू हाथी का हमला, कर्मचारी की दर्दनाक मौत
➤ You May Also Like




























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































