Breaking News

लखनऊ में टाटा मोटर्स की बड़ी उपलब्धि—10 लाखवां वाहन लॉन्च, सीएम योगी आदित्यनाथ ने गिनाईं विकास की उपलब्धियां

Bolta Sach News
|
Tata Motors launches major initiative in Lucknow
बोलता सच,लखनऊ : लखनऊ में टाटा मोटर्स के प्लांट ने अपने 34 वर्षों के सफर में एक महत्वपूर्ण मील का पत्थर हासिल करते हुए 10 लाखवें वाहन का उत्पादन किया। इस मौके पर आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने इस उपलब्धि को उत्तर प्रदेश के औद्योगिक विकास का प्रतीक बताया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि 10 लाखवें वाहन की लॉन्चिंग केवल एक कंपनी की सफलता नहीं, बल्कि उत्तर प्रदेश के ग्लोबल सप्लाई हब बनने की दिशा में बढ़ते कदमों का संकेत है। उन्होंने कहा कि यह उपलब्धि रुकने वाली नहीं है, बल्कि प्रदेश को नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने का माध्यम बनेगी।
अपने संबोधन में योगी आदित्यनाथ ने कहा कि उत्तर प्रदेश की 25 करोड़ की आबादी और लगभग 56 प्रतिशत कार्यबल राज्य को आर्थिक रूप से मजबूत बना रहा है। उन्होंने टाटा समूह की सराहना करते हुए कहा कि “टाटा” नाम विश्वास और गुणवत्ता का प्रतीक है, जिसने सुई से लेकर हवाई जहाज तक हर क्षेत्र में देश को सशक्त बनाने में योगदान दिया है।
उन्होंने कहा कि पहले उत्तर प्रदेश में निवेश के लिए माहौल अनुकूल नहीं था। खराब कनेक्टिविटी, सीमित संसाधन, कानून-व्यवस्था की चुनौतियां और स्पष्ट नीतियों की कमी के कारण निवेशक हिचकिचाते थे। लेकिन अब स्थिति पूरी तरह बदल चुकी है और प्रदेश निवेश के लिए आकर्षक गंतव्य बन गया है।
मुख्यमंत्री ने बताया कि आज देश के कुल एक्सप्रेसवे का लगभग 55 प्रतिशत हिस्सा उत्तर प्रदेश में है। साथ ही गंगा एक्सप्रेसवे का लोकार्पण इसी महीने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के हाथों होने वाला है। लगभग 600 किलोमीटर लंबे इस एक्सप्रेसवे के चालू होने के बाद देश के कुल एक्सप्रेसवे नेटवर्क में उत्तर प्रदेश की हिस्सेदारी 60 प्रतिशत तक पहुंच जाएगी।
हवाई कनेक्टिविटी पर बात करते हुए उन्होंने कहा कि नौ वर्ष पहले राज्य में केवल दो एयरपोर्ट थे, जो पूरी तरह सक्रिय भी नहीं थे, जबकि आज 16 एयरपोर्ट संचालित हो रहे हैं। हाल ही में नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) का उद्घाटन भी प्रधानमंत्री द्वारा किया गया, जो देश का सबसे बड़ा एयरपोर्ट माना जा रहा है।
कार्यक्रम में इस उपलब्धि को प्रदेश के औद्योगिक विकास और बेहतर बुनियादी ढांचे के संकेत के रूप में देखा गया। मुख्यमंत्री ने विश्वास जताया कि आने वाले समय में उत्तर प्रदेश देश की अर्थव्यवस्था को नई दिशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा।

इसे भी पढ़े : देवरिया जिला अस्पताल की मोर्चरी व्यवस्था पर सवाल, सुधार की मांग तेज

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply