Breaking News

देवरिया में काली माता मंदिर परिसर की प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त, गांव में बढ़ा तनाव

Bolta Sach News
|
Kali Mata Temple Complex in Deoria
बोलता सच,देवरिया : देवरिया जिले के तरकुलवा थाना क्षेत्र स्थित कोंहवलिया बाबू राय गांव में गुरुवार को उस समय तनाव फैल गया, जब प्राचीन काली माता मंदिर परिसर में स्थापित भगवान शंकर, नंदी और हनुमान जी की प्रतिमाएं क्षतिग्रस्त मिलीं। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में भारी रोष फैल गया और बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में जुट गए।
जानकारी के अनुसार, गांव के बाहर छोटी गंडक नदी के किनारे स्थित सबवट काली माता मंदिर परिसर में एक प्राचीन शिव मंदिर भी है। मंदिर के पुजारी योगेंद्र सिंह बुधवार देर शाम पूजा-अर्चना के बाद मंदिर बंद कर अपने घर चले गए थे। गुरुवार सुबह जब वह मंदिर पहुंचे, तो उन्होंने मंदिर परिसर में स्थापित प्रतिमाओं को टूटा हुआ देखा। यह देखकर वह स्तब्ध रह गए।
इसी दौरान पूजा करने पहुंचे ग्रामीणों ने भी प्रतिमाओं की स्थिति देखी, जिसके बाद लोगों में आक्रोश फैल गया। घटना की खबर पूरे गांव में फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मंदिर परिसर में एकत्र हो गए और दोषियों की जल्द गिरफ्तारी की मांग करने लगे।
स्थानीय निवासी चंदन यादव ने पुलिस को मामले की सूचना दी। सूचना मिलते ही तरकुलवा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और हालात को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस बल तैनात किया गया। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए एडिशनल एसपी और सीओ सदर सतेंद्र कुमार राय के नेतृत्व में तरकुलवा, रामपुर कारखाना, बघौचघाट और महुआडीह थानों की पुलिस टीम गांव पहुंची।
पुलिस अधिकारियों ने ग्रामीणों को समझाकर शांत कराया और मंदिर परिसर के आसपास सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी। एहतियातन क्षेत्र में लगातार निगरानी की जा रही है ताकि किसी प्रकार की अप्रिय स्थिति उत्पन्न न हो।
थाना प्रभारी भूपेंद्र सिंह ने बताया कि अज्ञात लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है और आरोपितों की तलाश में सर्च अभियान चलाया जा रहा है।
प्रशासन की ओर से मंदिर में नई प्रतिमाएं स्थापित कराने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। घटना के दौरान प्रधान प्रतिनिधि ख्याली यादव, कृष्ण मोहन सिंह, मनीष राव, अत्री यादव और जितेंद्र कुमार समेत गांव के कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।
घटना के बाद गांव में तनावपूर्ण शांति बनी हुई है और पुलिस प्रशासन पूरे मामले पर नजर बनाए हुए है।

इसे भी पढ़ें : देवरिया में बाढ़ पूर्व तैयारियों की समीक्षा, डीएम मधुसूदन हुल्गी ने अधिकारियों को दिए सख्त निर्देश


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: