बोलता सच,सहारनपुर : जिले के सरसावा थाना क्षेत्र में देहरादून-अंबाला राष्ट्रीय राजमार्ग पर झबीरन कट के पास शनिवार को भीषण सड़क हादसा हो गया। हादसे में ITBP अधिकारी समेत दो लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य लोग घायल हुए हैं। दुर्घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और कुछ समय तक हाईवे पर यातायात भी प्रभावित रहा।
जानकारी के मुताबिक अंबाला निवासी ITBP अधिकारी परमिंदर सिंह (45) सरकारी स्कॉर्पियो से देहरादून की ओर से अंबाला लौट रहे थे। उनके साथ चालक रवि शंकर और गनर जयराम भी मौजूद थे। झबीरन कट के पास अचानक स्कॉर्पियो अनियंत्रित हो गई।
डिवाइडर पार कर दूसरी कार से टकराई स्कॉर्पियो
बताया जा रहा है कि अनियंत्रित स्कॉर्पियो पहले डिवाइडर से टकराई और उसे पार करते हुए हाईवे की दूसरी लेन में पहुंच गई। इसी दौरान सामने से हरियाणा की ओर से आ रही स्विफ्ट कार से उसकी जोरदार टक्कर हो गई। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों वाहनों में सवार कई लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से घायलों को पिलखनी स्थित अस्पताल पहुंचाया गया।
ITBP अधिकारी और चालक की मौत
हादसे में ITBP अधिकारी परमिंदर सिंह और उनके चालक रवि शंकर (35) गंभीर रूप से घायल हो गए थे। दोनों को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं अधिकारी के साथ मौजूद गनर जयराम और दूसरी कार में सवार तीन लोग भी घायल हुए हैं। घायलों में करनाल निवासी देवेंद्र कौर और गुरनायक समेत अन्य लोग शामिल हैं। प्राथमिक उपचार के बाद कुछ घायलों को बेहतर इलाज के लिए हायर सेंटर रेफर किया गया है।
डीएम और SSP ने अस्पताल पहुंचकर जाना हाल
हादसे की सूचना मिलने के बाद सहारनपुर के जिलाधिकारी और वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक भी पिलखनी अस्पताल पहुंचे। अधिकारियों ने घायलों का हालचाल जाना और चिकित्सकों से उनके उपचार एवं स्वास्थ्य की जानकारी ली।
पुलिस ने घटनास्थल पर पहुंचकर दुर्घटना से जुड़े साक्ष्य जुटाए हैं। हादसा किस वजह से हुआ, इसकी जांच की जा रही है। प्रारंभिक तौर पर वाहन के अनियंत्रित होने की बात सामने आई है, लेकिन दुर्घटना की वास्तविक वजह जांच पूरी होने के बाद ही स्पष्ट हो सकेगी। हादसे के बाद कुछ समय तक राष्ट्रीय राजमार्ग पर वाहनों की आवाजाही प्रभावित रही। पुलिस ने दुर्घटनाग्रस्त वाहनों को हटवाकर यातायात को सामान्य कराया।
इसे भी पढ़े : विजय माल्या मामले में बॉम्बे हाई कोर्ट की सख्त टिप्पणी, कहा- एक दशक पुराने विवाद का अब तार्किक समाधान जरूरी
➤ You May Also Like
Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































