बोलता सच,लखनऊ। राजधानी लखनऊ के आशियाना क्षेत्र में शनिवार रात वाहन चेकिंग के दौरान पुलिस ने एक बिना नंबर प्लेट की मॉडिफाइड BMW कार से करीब 26 लाख रुपये नकद बरामद किए। पुलिस के अनुसार यह रकम कार में बने एक सीक्रेट लॉकर में छिपाकर रखी गई थी। वाहन की तलाशी के दौरान बड़ी मात्रा में कथित तौर पर सेक्सवर्धक दवाएं और कंडोम भी बरामद किए गए। मामले की सूचना मिलने पर आयकर विभाग की टीम ने भी जांच शुरू कर दी है।
वायरलेस सूचना के बाद हुई कार्रवाई
पुलिस को शनिवार रात वायरलेस के माध्यम से सूचना मिली थी कि तेलीबाग क्षेत्र से एक काली रंग की बिना नंबर प्लेट वाली मॉडिफाइड BMW और एक काली स्कॉर्पियो तेज रफ्तार से बंगला बाजार की ओर जा रही हैं। सूचना के आधार पर आशियाना पुलिस ने स्मृति उपवन के पास घेराबंदी कर दोनों वाहनों को रोक लिया।
जांच के दौरान पुलिस ने पाया कि BMW पर “माफिया” लिखा हुआ था, जबकि साथ चल रही स्कॉर्पियो पर “विधायक” अंकित था। स्कॉर्पियो पर विधानसभा सचिवालय का वर्ष 2025 का कथित ‘एफ श्रेणी’ पास भी लगा हुआ था।
सीक्रेट लॉकर से मिली नकदी
पुलिस के अनुसार BMW की तलाशी के दौरान वाहन में बने एक गुप्त लॉकर से लगभग 26 लाख रुपये नकद बरामद किए गए। वाहन में मौजूद युवक इस धनराशि के संबंध में संतोषजनक जानकारी या वैध दस्तावेज प्रस्तुत नहीं कर सके। नकदी मिलने की सूचना पर आयकर विभाग की टीम भी मौके पर पहुंची और धनराशि के स्रोत की जांच शुरू कर दी।
पुलिस पर दबाव बनाने का प्रयास
आशियाना थाने के अतिरिक्त प्रभारी ओम प्रकाश यादव के अनुसार, BMW चला रहे युवक ने प्रारंभिक पूछताछ के दौरान पुलिस पर प्रभाव डालने की कोशिश की। पुलिस ने वाहन में सवार तीन युवकों को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी। हिरासत में लिए गए युवकों की पहचान शिवांशु पांडेय (निवासी तेलीबाग), रोजमन वर्मा (निवासी वृंदावन योजना) और अथर्व सिंह उर्फ रचित ठाकुर (निवासी कृष्णानगर क्षेत्र) के रूप में हुई है।
दोनों वाहन किए गए सीज
पुलिस ने कार्रवाई करते हुए BMW और स्कॉर्पियो दोनों वाहनों को सीज कर दिया है। अधिकारियों का कहना है कि वाहनों के दस्तावेजों, नकदी के स्रोत तथा बरामद अन्य सामग्री की जांच की जा रही है।
आयकर विभाग और पुलिस की संयुक्त जांच
मामले में आयकर विभाग और पुलिस संयुक्त रूप से जांच कर रहे हैं। अधिकारियों का कहना है कि बरामद नकदी के स्रोत, उसके उपयोग और उससे जुड़े संभावित वित्तीय लेन-देन की पड़ताल की जाएगी। जांच पूरी होने के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़े : विजय शंकर मिश्र बने अयोध्या राम मंदिर के नए एसपी सुरक्षा, शासन ने सौंपी अहम जिम्मेदारी
➤ You May Also Like
Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस
Subscribe to get the latest posts sent to your email.





















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































