Breaking News

टीएमसी में बगावत से मची हलचल, विधायकों को साधने में जुटीं ममता बनर्जी

Bolta Sach News
|
TMC rebellion creates stir
बोलता सच,कोलकाता। पश्चिम बंगाल की राजनीति में तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के भीतर उभरे असंतोष ने पार्टी नेतृत्व की चिंता बढ़ा दी है। विधानसभा चुनाव में निराशाजनक प्रदर्शन के बाद पार्टी के कई नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं के बीच नाराजगी सामने आ रही है। स्थिति को संभालने के लिए टीएमसी प्रमुख ममता बनर्जी ने स्वयं मोर्चा संभाल लिया है और बागी नेताओं से संवाद शुरू कर दिया है।
पार्टी सूत्रों के अनुसार, ममता बनर्जी पिछले कुछ दिनों से विभिन्न जिलों के नाराज विधायकों और नेताओं से सीधे संपर्क कर रही हैं। उन्होंने वरिष्ठ नेताओं को भी संगठन में एकजुटता बनाए रखने और संभावित टूट को रोकने की जिम्मेदारी सौंपी है। इस अभियान में पार्टी के वरिष्ठ नेताओं कल्याण बनर्जी और कुणाल घोष को महत्वपूर्ण भूमिका दी गई है।
बताया जा रहा है कि हावड़ा, मुर्शिदाबाद और उत्तर दिनाजपुर सहित कई जिलों के विधायकों से ममता बनर्जी ने व्यक्तिगत रूप से बातचीत की है। इनमें कुछ ऐसे विधायक भी शामिल हैं, जिनके बागी खेमे के नेताओं के साथ संपर्क में होने की चर्चा है।
राजनीतिक हलकों में यह भी चर्चा है कि पार्टी के भीतर असंतोष को देखते हुए ममता बनर्जी ने शुक्रवार को कालीघाट स्थित अपने आवास पर एक महत्वपूर्ण बैठक बुलाई है। इस बैठक का उद्देश्य नाराज नेताओं के साथ संवाद स्थापित कर संगठनात्मक एकता बनाए रखना है।
सूत्रों के मुताबिक, पार्टी नेतृत्व को इस बात की भी चिंता है कि यदि असंतोष को समय रहते नियंत्रित नहीं किया गया तो इसका असर सांसदों और स्थानीय निकायों के जनप्रतिनिधियों पर भी पड़ सकता है। इसी को देखते हुए पार्टी के कुछ वरिष्ठ सांसदों को सहयोगी नेताओं और कार्यकर्ताओं से संपर्क कर उन्हें संगठन में बनाए रखने की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
टीएमसी नेतृत्व का मानना है कि संवाद और संगठनात्मक समन्वय के जरिए मौजूदा संकट को दूर किया जा सकता है। पार्टी अब हर स्तर पर सक्रिय होकर संगठन में स्थिरता बनाए रखने और संभावित राजनीतिक नुकसान को रोकने की कोशिश कर रही है।

इसे भी पढ़े : देवरिया : अवतार नशा मुक्ति केंद्र में दो मौतों का मामला: दो और आरोपी गिरफ्तार, तीन पहुंच चुके जेल

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply