Breaking News

आई-पेक प्रमुख प्रतीक जैन के घर ईडी की रेड, मौके पर पहुंचीं सीएम ममता बनर्जी, हाई-वोल्टेज ड्रामा

Bolta Sach News
|
I-PEC chief Pratik Jain's house

बोलता सच,कोलकाता : पश्चिम बंगाल में चुनावी रणनीति से जुड़ी एजेंसी आई-पेक (इंडियन पॉलिटिकल एक्शन कमेटी) के प्रमुख प्रतीक जैन के घर पर प्रवर्तन निदेशालय (ईडी) की छापेमारी के बाद सियासी पारा चढ़ गया। रेड के दौरान मुख्यमंत्री ममता बनर्जी खुद प्रतीक जैन के घर पहुंच गईं और ईडी की कार्रवाई पर तीखा हमला बोला।

सीएम ममता बनर्जी ने आरोप लगाया कि ईडी की टीम तृणमूल कांग्रेस (टीएमसी) के आंतरिक डेटा, हार्ड डिस्क, उम्मीदवारों की सूची और चुनावी रणनीतियों को निशाना बना रही है। उन्होंने इसे पूरी तरह से राजनीतिक साजिश करार दिया।

अमित शाह पर साधा निशाना

छापेमारी से नाराज़ ममता बनर्जी ने केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह पर सीधा हमला करते हुए उन्हें “शरारती होम मिनिस्टर” बताया। उन्होंने कहा कि ईडी का काम आर्थिक अपराधों की जांच करना है, न कि किसी राजनीतिक दल के चुनावी दस्तावेज और रणनीति जब्त करना।

‘ग्रीन फाइल्स’ को लेकर सस्पेंस

इस दौरान आई-पेक कार्यालय से कुछ दस्तावेज और तथाकथित ‘ग्रीन फाइल्स’ सीएम ममता बनर्जी के काफिले की गाड़ी में रखे जाने की तस्वीरें सामने आईं। इन फाइलों में क्या है, इसकी आधिकारिक जानकारी अभी सामने नहीं आई है। हालांकि ममता बनर्जी का दावा है कि ईडी टीएमसी की डेटा-हार्ड डिस्क और उम्मीदवारों की सूची तक पहुंचने की कोशिश कर रही थी।

देशभर में 15 ठिकानों पर ईडी की कार्रवाई

ईडी ने गुरुवार को देशभर में करीब 15 जगहों पर छापेमारी की। एजेंसी के अनुसार यह कार्रवाई एक संगठित गिरोह के खिलाफ की जा रही है, जो फर्जी सरकारी नौकरी दिलाने के नाम पर बेरोजगार युवाओं से ठगी कर रहा था। इसी सिलसिले में कोलकाता के सॉल्ट लेक इलाके में स्थित आई-पेक के कार्यालय पर भी रेड की गई।

ईडी पर गंभीर आरोप

ममता बनर्जी ने कहा कि पुलिस सुरक्षा में फाइलों और दस्तावेजों को गाड़ियों में लोड किया गया, जिससे यह साफ होता है कि ईडी टीएमसी से जुड़े संवेदनशील डेटा को जब्त करना चाहती थी। उन्होंने इस कार्रवाई को चुनाव से पहले मतदाता सूची (SIR) के जरिए नाम हटाने की कथित कोशिशों से भी जोड़ते हुए केंद्र सरकार पर लोकतंत्र को कमजोर करने का आरोप लगाया।

फिलहाल ईडी की ओर से इस पूरे घटनाक्रम पर कोई विस्तृत आधिकारिक बयान सामने नहीं आया है, लेकिन राज्य की राजनीति में इस छापेमारी को लेकर जबरदस्त घमासान मचा हुआ है।


इसको भी पढ़ें : दुद्धी से सपा विधायक विजय सिंह गोंड का निधन, आदिवासी अंचल ने खोई सशक्त आवाज


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: