Breaking News

फतेहपुर में बोले सीएम योगी- विकास ही भाजपा की सबसे बड़ी ताकत, माफिया के लिए सिर्फ जेल या जहन्नुम का रास्ता

Bolta Sach News
|
CM Yogi said in Fatehpur

बोलता सच,फतेहपुर : उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शनिवार को फतेहपुर जिले के मदारीपुर कला स्थित मैदान में विभिन्न विकास परियोजनाओं का लोकार्पण और शिलान्यास किया। इस दौरान उन्होंने विकास कार्यों को भाजपा सरकार की सबसे बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में जनता विकास के आधार पर अपना समर्थन देगी।

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 2017 से पहले फतेहपुर आकांक्षी जिलों में शामिल था और रोजगार, स्वास्थ्य तथा बुनियादी विकास के कई मानकों पर पिछड़ा माना जाता था। लेकिन पिछले नौ वर्षों में जिले की तस्वीर बदल गई है और अब फतेहपुर आकांक्षी जिला नहीं रहा।

‘अब भर्ती प्रक्रिया पूरी तरह पारदर्शी’

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि पहले युवाओं की नौकरियों में भ्रष्टाचार और अनियमितताएं होती थीं, जबकि वर्तमान सरकार में पारदर्शी भर्ती प्रक्रिया के माध्यम से योग्य युवाओं को नियुक्ति पत्र दिए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि सरकार ने मेडिकल कॉलेज, सड़क, पुल, अस्पताल, बिजली, निवेश और कंपोजिट विद्यालय जैसी अनेक विकास परियोजनाओं के जरिए विकास को गांव-गांव तक पहुंचाया है।

विपक्ष पर साधा निशाना

मुख्यमंत्री ने विपक्ष पर हमला बोलते हुए कहा कि पहले विकास केवल कुछ क्षेत्रों तक सीमित था और किसानों, युवाओं तथा आम जनता की उपेक्षा की जाती थी। उन्होंने आरोप लगाया कि कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के शासनकाल में युवाओं का शोषण हुआ और नकल माफिया को संरक्षण मिला।

पेपर लीक और नकल माफिया पर सख्ती

उन्होंने कहा कि छात्र-छात्राओं के भविष्य से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। नीट परीक्षा में गड़बड़ी के आरोपियों के खिलाफ कार्रवाई का उल्लेख करते हुए उन्होंने कहा कि दोषियों की संपत्तियां भी जब्त की जाएंगी। साथ ही उन्होंने कहा कि पेपर लीक रोकने के लिए संसद में कानून लाया जाएगा।

‘माफिया के लिए यूपी में कोई जगह नहीं’

कानून-व्यवस्था का जिक्र करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश में अब माफिया और अपराधियों के लिए कोई स्थान नहीं है। उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के लिए केवल जेल या जहन्नुम का रास्ता बचा है। मुख्यमंत्री ने दावा किया कि प्रदेश में अपराध और माफिया पर प्रभावी नियंत्रण स्थापित किया गया है। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि समाजवादी पार्टी के नेताओं द्वारा सरकारी जमीनों पर किए गए कब्जों को हटाया जा रहा है।

प्रधानमंत्री मोदी का जताया आभार

मुख्यमंत्री ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि डिजिटल इंडिया और राष्ट्रीय शिक्षा नीति जैसी पहल ने देश के युवाओं को नई पहचान और सम्मान दिया है। उन्होंने कहा कि यदि फतेहपुर सदर विधानसभा की जनता भाजपा को और मजबूत जनादेश देती है तो जिले के विकास कार्यों को और अधिक गति मिलेगी।


इसे भी पढ़े : बांकीपुर उपचुनाव: बीजेपी, राजद और प्रशांत किशोर के बीच दिलचस्प मुकाबला, बदला चुनावी समीकरण


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: