Breaking News

प्रधानमंत्री मोदी का मणिपुर दौरा शनिवार को, 8500 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास

Bolta Sach News
|
Prime Minister Modi's Manipur
बोलता सच ,इंफाल/चुराचांदपुर। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी शनिवार को मणिपुर का दौरा करेंगे, जहां वे 8,500 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का शिलान्यास और लोकार्पण करेंगे। मणिपुर सरकार के मुख्य सचिव पुनीत कुमार गोयल ने जानकारी दी कि प्रधानमंत्री मिजोरम से चुराचांदपुर पहुंचेंगे और फिर इंफाल जाएंगे। यह मणिपुर में मई 2023 में भड़की जातीय हिंसा के बाद प्रधानमंत्री की पहली यात्रा होगी। हिंसा में अब तक 250 से ज्यादा लोगों की मौत हो चुकी है और हजारों लोग विस्थापित हुए हैं।

दौरे से पहले बढ़ी सुरक्षा, चुराचांदपुर में झड़प
प्रधानमंत्री के दौरे से पहले सुरक्षा व्यवस्था कड़ी कर दी गई है। इंफाल और चुराचांदपुर में भारी संख्या में केंद्रीय और राज्य बलों की तैनाती की गई है। गुरुवार शाम चुराचांदपुर जिले के दो स्थानों—पियर्सनमुन गांव और फिलियन बाजार—में उपद्रवियों और सुरक्षा बलों के बीच झड़प हो गई। उपद्रवियों ने पीएम मोदी के स्वागत में लगाए गए बैनर और कटआउट फाड़ दिए, बैरिकेड्स को तोड़ा और सुरक्षाबलों पर पथराव भी किया। फटे पोस्टरों को आग के हवाले कर दिया गया। जवाब में सुरक्षाबलों ने इलाके में गश्त तेज कर दी है और फ्लैग मार्च जारी है।

क्या करेंगे प्रधानमंत्री: शिलान्यास और संवाद
मुख्य सचिव के अनुसार, प्रधानमंत्री चुराचांदपुर में 7,300 करोड़ रुपये की विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे, जबकि 1,200 करोड़ रुपये की परियोजनाओं का उद्घाटन करेंगे। इस दौरान प्रधानमंत्री इंफाल और चुराचांदपुर में आंतरिक रूप से विस्थापित लोगों से बातचीत भी करेंगे। सरकार का दावा है कि यह यात्रा राज्य में शांति, सामान्य स्थिति और विकास के लिए एक नया रास्ता खोलेगी।

सुरक्षा के सख्त इंतज़ाम
  • कांगला किला, जो इंफाल में 237 एकड़ में फैला है, प्रधानमंत्री के संभावित कार्यक्रम स्थल के रूप में तैयार किया जा रहा है।
  • केंद्रीय और राज्य सुरक्षा बल 24 घंटे किले की निगरानी कर रहे हैं। खाइयों में नौकाओं से भी गश्त की जा रही है।
  • किले में आम पर्यटकों की आवाजाही फिलहाल पूरी तरह प्रतिबंधित है।
  • खोजी कुत्तों और उन्नत उपकरणों की मदद से विस्फोटक या अन्य खतरनाक वस्तुओं की जांच की जा रही है।

चुराचांदपुर में घेराबंदी और जनसभा की तैयारी
  • पीस ग्राउंड, चुराचांदपुर में प्रधानमंत्री की संभावित जनसभा के लिए मंच निर्माण और सुरक्षा घेराबंदी का काम पूरा किया जा रहा है।
  • पूरे क्षेत्र में पुलिस और अर्धसैनिक बल तैनात हैं, रास्तों पर बैरिकेड्स लगाए गए हैं।
  • सीआरपीएफ ने पहाड़ी और घाटी दोनों क्षेत्रों में तलाशी अभियान तेज कर दिए हैं।
  • अस्थायी चौकियां बनाकर असामाजिक तत्वों की आवाजाही पर नजर रखी जा रही है।
हालांकि प्रधानमंत्री मोदी के मणिपुर दौरे की आधिकारिक घोषणा नहीं हुई है, लेकिन प्रशासन और सुरक्षा एजेंसियों ने तैयारी पूरी कर ली है। 13 सितंबर को उनकी संभावित यात्रा को लेकर सुरक्षा एजेंसियां और प्रशासन अलर्ट मोड में हैं।

ये भी पढ़े : देवरिया-कसया मार्ग पर सड़क हादसा: बोलेरो की टक्कर से बाइक सवार की मौत

Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

3 thoughts on “प्रधानमंत्री मोदी का मणिपुर दौरा शनिवार को, 8500 करोड़ की परियोजनाओं का करेंगे लोकार्पण-शिलान्यास”

Leave a Reply

error: