Breaking News

नेपाल को मिला सबसे युवा प्रधानमंत्री, बालेंद्र शाह ने ली शपथ; भारत से रिश्ते मजबूत करने के दिए संकेत

Bolta Sach News
|
Nepal gets its youngest Prime Minister
बोलता सच,नेपालनेपाल की राजनीति में बड़ा बदलाव देखने को मिला है। 35 वर्षीय बालेंद्र शाह ने शुक्रवार को देश के सबसे युवा प्रधानमंत्री के रूप में शपथ लेकर इतिहास रच दिया। रैपर, इंजीनियर और फिर नेता के रूप में उभरे बालेंद्र शाह को नई पीढ़ी की राजनीति का चेहरा माना जा रहा है। वह देश के 47वें प्रधानमंत्री बने हैं और मधेस क्षेत्र से इस पद तक पहुंचने वाले पहले नेता भी हैं।
शपथ ग्रहण के अगले ही दिन उन्होंने भारत के साथ संबंधों को नई दिशा देने की इच्छा जाहिर की। उन्होंने कहा कि वह भारत के साथ मिलकर काम करने को उत्सुक हैं और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा दी गई शुभकामनाओं के लिए आभार व्यक्त किया।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने भी बालेंद्र शाह को बधाई देते हुए कहा था कि वह भारत-नेपाल संबंधों को और मजबूत करने के लिए उनके साथ काम करने को तैयार हैं। इसके जवाब में शाह ने कहा कि दोनों देशों के बहुआयामी संबंधों को आगे बढ़ाना और साझा समृद्धि के लिए मिलकर काम करना उनकी प्राथमिकता होगी।
हालांकि, बालेंद्र शाह का राजनीतिक सफर विवादों से भी अछूता नहीं रहा है। साल 2023 में, जब वह काठमांडू के मेयर थे, तब उन्होंने फिल्म आदिपुरुष के एक संवाद को लेकर बॉलीवुड फिल्मों के प्रदर्शन पर रोक लगाने का आदेश दिया था। यह मामला काफी चर्चा में रहा, हालांकि बाद में अदालत ने इस आदेश को निरस्त कर दिया था। बाद में शाह ने स्पष्ट किया कि उनका विरोध किसी देश या उद्योग से नहीं, बल्कि विशेष संवाद से था।
इसके अलावा, उनके कार्यालय में लगाए गए “ग्रेटर नेपाल” के नक्शे को लेकर भी विवाद हुआ था, जिसमें भारत के कुछ हिस्सों को शामिल दिखाया गया था। इस मुद्दे पर भी राजनीतिक बहस तेज हुई थी।
रणनीतिक दृष्टि से नेपाल, भारत के लिए एक महत्वपूर्ण पड़ोसी देश है। समुद्र तक सीधी पहुंच न होने के कारण नेपाल बड़े पैमाने पर व्यापार, परिवहन और आवश्यक वस्तुओं के लिए भारत पर निर्भर करता है। ऐसे में दोनों देशों के बीच सहयोग का विशेष महत्व है।
बताया जा रहा है कि बालेंद्र शाह ने झापा-5 सीट से पूर्व प्रधानमंत्री के.पी. शर्मा ओली को करीब 50 हजार वोटों से हराया। ओली चार बार प्रधानमंत्री रह चुके हैं और उन्हें चीन के करीब माने जाने वाला नेता समझा जाता है। बालेंद्र शाह के नेतृत्व में अब नेपाल की राजनीति में नए दौर की शुरुआत मानी जा रही है, जिसमें युवाओं की भूमिका और क्षेत्रीय संतुलन को खास महत्व मिल सकता है।

इसे भी पढ़े : 28 मार्च को जेवर एयरपोर्ट का उद्घाटन, अलग-अलग जिलों के लिए जारी हुआ रूट प्लान

Join WhatsApp

Join Now

1 thought on “नेपाल को मिला सबसे युवा प्रधानमंत्री, बालेंद्र शाह ने ली शपथ; भारत से रिश्ते मजबूत करने के दिए संकेत”

Leave a Reply