Breaking News

देवरिया में किशोरी की आत्महत्या मामले में नया मोड़, दुष्कर्म और आत्महत्या के लिए उकसाने सहित 10 पर मुकदमा दर्ज

Bolta Sach News
|
Teenager commits suicide in Deoria
बोलता सच,देवरिया : जिले में एक किशोरी की आत्महत्या के मामले में नया मोड़ सामने आया है। मृतका की मां की शिकायत पर सदर कोतवाली पुलिस ने 10 लोगों के खिलाफ आत्महत्या के लिए उकसाने, दुष्कर्म और अन्य गंभीर धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए लगातार छापेमारी कर रही है।
पुलिस को दी गई तहरीर के अनुसार, शहर के एक मोहल्ले में रहने वाली किशोरी ने शनिवार को फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली थी। परिजनों का आरोप है कि मोहल्ले के रहने वाले अंश उर्फ ढक्कन ने किशोरी के साथ दुष्कर्म किया था और उसका वीडियो भी बना लिया था। इस घटना के बाद से किशोरी मानसिक तनाव में रह रही थी।
मृतका की मां ने आरोप लगाया कि 12 जून की रात करीब दो बजे अंश उर्फ ढक्कन, उसके पिता ओमप्रकाश, मां शांति देवी और अन्य परिजन उनके घर में घुस आए। आरोपियों ने किशोरी के साथ मारपीट की और उसे जबरन अपने घर ले गए। परिजनों के काफी प्रयास के बाद करीब दो घंटे बाद किशोरी को छोड़ा गया, लेकिन तब तक उसके साथ मारपीट की जा चुकी थी।
परिजनों के अनुसार, 13 जून की दोपहर को आरोपी पक्ष के लोग फिर उनके घर पहुंचे और किशोरी को दोबारा प्रताड़ित किया। लगातार मिल रही धमकियों, मारपीट और मानसिक उत्पीड़न से परेशान होकर किशोरी ने आत्मघाती कदम उठा लिया।
पुलिस ने इस मामले में अंश उर्फ ढक्कन, ओमप्रकाश, शांति देवी, बिट्टू, माया, छाया, नीतू, अप्पी, ममता और ऊषा के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है।
सदर कोतवाली प्रभारी निरीक्षक राकेश कुमार राय ने बताया कि पीड़िता की मां की शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया गया है। पूरे प्रकरण की गंभीरता से जांच की जा रही है और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं। उन्होंने कहा कि जांच में सामने आने वाले तथ्यों के आधार पर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।

इसे भी पढ़े : शिव मंदिर सरोवर में नहाने के दौरान दो किशोर डूबे, एक की मौत, दूसरे की तलाश जारी


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: