Breaking News

देवरिया के अंजुमन स्कूल में प्रबंधकीय विवाद पर बड़ा फैसला, बीईओ बने प्राधिकृत नियंत्रक

Bolta Sach News
|
Anjuman School, Deoria
बोलता सच,देवरिया। शहर के मालवीय रोड स्थित अंजुमन जूनियर हाई स्कूल में लंबे समय से चल रहे प्रबंधकीय विवाद के बीच प्रशासन ने अहम निर्णय लिया है। शिक्षकों और कर्मचारियों के लंबित वेतन भुगतान को सुनिश्चित करने के लिए सदर खंड शिक्षा अधिकारी (बीईओ) को विद्यालय का प्राधिकृत नियंत्रक नियुक्त किया गया है। यह कार्रवाई गोरखपुर मंडल की सहायक शिक्षा निदेशक (बेसिक) संगीता सिंह द्वारा की गई है। निर्णय के बाद अब विद्यालय के प्रशासनिक और वित्तीय कार्यों की जिम्मेदारी सीधे बीईओ के पास होगी।

प्रबंध समिति के अभाव से उत्पन्न हुई समस्या

विद्यालय में विधिमान्य प्रबंध समिति के अभाव के कारण लंबे समय से वेतन भुगतान प्रभावित था। सहायक रजिस्ट्रार फर्म, सोसायटी एवं चिट्स के पत्र में स्पष्ट किया गया था कि संस्था की कोई मान्य प्रबंध समिति उनके कार्यालय में पंजीकृत नहीं है। इसके चलते विद्यालय में कोई अधिकृत प्रबंधक नहीं था, जिससे नियमित वेतन वितरण संभव नहीं हो पा रहा था।

शिक्षकों की शिकायतें बनीं कारण

वेतन न मिलने से परेशान शिक्षकों और कर्मचारियों ने कई बार विभागीय अधिकारियों को आवेदन दिए। कुछ समय के लिए एकल संचालन के तहत वेतन भुगतान किया गया, लेकिन यह व्यवस्था स्थायी समाधान नहीं बन सकी और जल्द ही भुगतान फिर बाधित हो गया।

सुनवाई में भी नहीं मिला समाधान

मामले में कई बार सुनवाई की तिथियां तय की गईं, लेकिन संबंधित प्रबंधक की ओर से समय पर आवश्यक दस्तावेज और साक्ष्य प्रस्तुत नहीं किए गए। इससे विवाद और लंबा खिंचता गया।

बीएसए की संस्तुति पर हुआ निर्णय

अंततः जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी ने अपनी रिपोर्ट में विद्यालय में प्राधिकृत नियंत्रक नियुक्त करने की संस्तुति की। इसी आधार पर सदर बीईओ को यह जिम्मेदारी सौंपी गई है।

जल्द मिल सकता है वेतन

प्रशासन को उम्मीद है कि इस निर्णय से शिक्षकों और कर्मचारियों का लंबित वेतन जल्द जारी हो सकेगा। साथ ही, विद्यालय की शैक्षणिक गतिविधियां भी अब सुचारू रूप से संचालित हो पाएंगी।



Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: