बोलता सच,सहारनपुर : उत्तर प्रदेश के कैराना से इकरा हसन के विरोध-प्रदर्शन के एक दिन बाद शांतिभंग और सड़क जाम के आरोप में जेल भेजे गए पूर्व मंत्री मांगेराम कश्यप समेत पांच लोगों को बुधवार को सहारनपुर जिला जेल से रिहा कर दिया गया। रिहाई के दौरान जेल के बाहर बड़ी संख्या में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता और कश्यप समाज के लोग मौजूद रहे। सभी नेताओं का फूल-मालाओं से स्वागत किया गया।
जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम करीब पांच बजे सदर बाजार थाने में विरोध-प्रदर्शन शुरू हुआ था, जो रात लगभग साढ़े नौ बजे तक चला। मामला शामली जिले के जसाला गांव में मोनू नामक युवक की हत्या से जुड़ा था। सांसद इकरा हसन पीड़ित परिवार की महिला सदस्य के साथ डीआईजी से मिलने पहुंची थीं। इसी दौरान पुलिस द्वारा उनकी गाड़ी रोके जाने और कुछ समय तक महिला थाने में बैठाए जाने के बाद विवाद बढ़ गया।
पुलिस ने पूर्व मंत्री मांगेराम कश्यप, कश्यप एकता मिशन के राष्ट्रीय अध्यक्ष अजय मेहरा, प्रदेश अध्यक्ष अनुज कश्यप, शिशपाल कश्यप और सतपाल कश्यप के खिलाफ शांति भंग करने और सड़क जाम करने के आरोप में कार्रवाई करते हुए जेल भेज दिया था।
गिरफ्तारी की सूचना मिलने के बाद सांसद इकरा हसन देर रात सदर बाजार थाने पहुंचीं और सभी की रिहाई की मांग को लेकर धरने पर बैठ गईं। उनके समर्थन में समाजवादी पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक भी बड़ी संख्या में थाने पहुंच गए। बाद में सिटी मजिस्ट्रेट कुलदीप सिंह ने मौके पर पहुंचकर बुधवार को रिहाई की प्रक्रिया पूरी कराने का आश्वासन दिया, जिसके बाद धरना समाप्त हुआ।
इस पूरे मामले को लेकर अखिलेश यादव ने भी भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन पर निशाना साधा। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर आरोप लगाया कि पुलिस भाजपा की “भ्रष्ट कठपुतली” बन चुकी है और अन्याय में भागीदार है। उन्होंने संबंधित पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई और बर्खास्तगी की मांग की।
अखिलेश यादव ने कहा कि “पीडीए (पिछड़े, दलित और अल्पसंख्यक) समाज प्रशासनिक दबाव और अत्याचार के सामने न रुकेगा और न झुकेगा।” उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि यदि एक महिला सांसद के साथ ऐसा व्यवहार हो सकता है, तो आम महिलाओं की सुरक्षा और सम्मान पर गंभीर सवाल खड़े होते हैं।
इसे भी पढ़े : रुद्रपुर तहसील में आयोजित सम्पूर्ण समाधान दिवस में डीएम और एसपी ने सुनीं जनसमस्याएं
➤ You May Also Like


























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































