Breaking News

कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम हत्याकांड: STF मुठभेड़ में एक लाख का इनामी शूटर बनारसी यादव ढेर

Bolta Sach News
|
Coloniser Mahendra Gautam murder case
बोलता सच,वाराणसी। सारनाथ के कॉलोनाइजर महेंद्र गौतम हत्याकांड में फरार चल रहा एक लाख रुपये का इनामी शूटर बनारसी यादव मंगलवार देर रात STF मुठभेड़ में मारा गया। यह कार्रवाई चौबेपुर थाना क्षेत्र के बारियासनपुर रिंग रोड पर की गई। बनारसी यादव कॉलोनाइजर की हत्या के बाद पिछले 166 दिनों से फरार था। मुठभेड़ स्थल से STF ने दो पिस्टल और भारी मात्रा में कारतूस बरामद किए हैं।

गाजीपुर के करंडा थाना क्षेत्र के गौरहट गांव निवासी बनारसी यादव पर वाराणसी, गाजीपुर और सोनभद्र समेत कई जिलों में 24 से अधिक आपराधिक मुकदमे दर्ज थे। 21 अगस्त 2025 को वाराणसी के सिंहपुर इलाके में बाइक सवार तीन शूटरों ने महेंद्र गौतम की गोली मारकर हत्या कर दी थी। तभी से कमिश्नरेट पुलिस और STF को उसकी तलाश थी।

इस हत्याकांड में शामिल दूसरे शूटर अरविंद यादव उर्फ फौजी को 4 जनवरी को सारनाथ पुलिस और क्राइम ब्रांच ने मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार कर लिया था, जबकि तीसरे शूटर विशाल की गिरफ्तारी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है।

STF की वाराणसी इकाई को सूचना मिली थी कि बनारसी यादव गाजीपुर-वाराणसी हाईवे के रास्ते फरार होने की कोशिश कर रहा है। सूचना के आधार पर STF और स्थानीय पुलिस ने घेराबंदी की। खुद को घिरा देख बनारसी यादव ने पुलिस टीम पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में उसे गोली लगी और वह घायल होकर गिर पड़ा। STF ने उसे तुरंत अस्पताल पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया।

जमीन विवाद में दी गई थी हत्या की सुपारी

पुलिस जांच में सामने आया कि महेंद्र गौतम की हत्या 29 बिस्वा जमीन के विवाद में की गई थी, जिसकी कीमत करीब 60 करोड़ रुपये बताई जा रही है। हत्या की सुपारी गाजीपुर निवासी जोगेंद्र यादव उर्फ फैटू ने दी थी। इस साजिश में बनारसी यादव, अरविंद यादव उर्फ फौजी और विशाल शामिल थे। तीनों को दो-दो लाख रुपये और हथियार उपलब्ध कराए गए थे। हथियार बिहार के मुंगेर निवासी मोहम्मद मुकीम ने सप्लाई किए थे।

लंबा आपराधिक इतिहास

बनारसी यादव के खिलाफ पहला मामला वर्ष 2003 में गाजीपुर के खानपुर थाने में दर्ज हुआ था। इसके बाद गाजीपुर, वाराणसी और सोनभद्र के विभिन्न थानों में उसके खिलाफ कई गंभीर मुकदमे दर्ज होते चले गए। वाराणसी के चोलापुर थाने में 2005-06 के दौरान भी उसके खिलाफ चार मामले दर्ज हुए थे।

जेल में बंद हैं अन्य आरोपी

महेंद्र गौतम हत्याकांड में आरोपी अरविंद यादव उर्फ फौजी, जोगेंद्र यादव उर्फ फैटू, संपूर्णानंद शुक्ला उर्फ चंदन, श्याम राजभर उर्फ रेखा प्रधान और असलहा तस्कर मोहम्मद मुकीम फिलहाल जेल में बंद हैं। STF और पुलिस अब फरार तीसरे शूटर की तलाश में जुटी हुई है।



Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: