Breaking News

गोरखपुर में संक्रमित भैंस का दूध पीने से हड़कंप, 30 लोग पहुंचे अस्पताल—रेबीज के डर से लगवा रहे टीके

Bolta Sach News
|
Buffalo milk found infected in Gorakhpur
बोलता सच,गोरखपुर : जिले के उरुवा थाना क्षेत्र में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है, जहां एक संक्रमित भैंस का दूध पीने के बाद करीब 30 लोगों में दहशत फैल गई है। सभी लोग रेबीज के खतरे की आशंका को लेकर स्वास्थ्य केंद्र पहुंच रहे हैं और एहतियातन टीके लगवा रहे हैं।

जानकारी के अनुसार, बेसहनी गांव निवासी अभयनंद यादव डेयरी का काम करते हैं। करीब दो महीने पहले उनकी एक भैंस को एक पागल कुत्ते ने काट लिया था, लेकिन उस समय इस बात की जानकारी नहीं हो पाई। 16 अप्रैल को भैंस अचानक गंभीर रूप से बीमार हो गई, जिसके बाद पशु चिकित्सक को बुलाया गया।

जांच में पता चला कि भैंस को रेबीज हो गया है और उसे बचाया नहीं जा सकता। अगले ही दिन 17 अप्रैल को भैंस की मौत हो गई। यह खबर जैसे ही गांव में फैली, उन लोगों में हड़कंप मच गया जो इस भैंस का दूध इस्तेमाल कर रहे थे।

ग्रामीणों के मुताबिक, करीब 15 लोग नियमित रूप से इस भैंस का दूध लेते थे, जबकि डेयरी संचालक के परिवार के लगभग 15 सदस्य भी यही दूध उपयोग कर रहे थे। इस तरह कुल 30 लोग इसके संपर्क में आए। भैंस की मौत के बाद सभी को रेबीज संक्रमण का डर सताने लगा। डर के चलते सभी लोग उरुवा स्थित प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचे और डॉक्टरों से टीकाकरण की मांग की। चिकित्सा प्रभारी जेपी तिवारी ने बताया कि अगर दूध को उबालकर या उससे बनी चाय का सेवन किया गया है, तो रेबीज का खतरा नहीं होता। हालांकि, कच्चा दूध पीने की स्थिति में संक्रमण की आशंका बनी रहती है।

डॉक्टरों के अनुसार, एहतियात के तौर पर कई लोगों को रेबीज के टीके लगाए जा चुके हैं। प्रशासन और स्वास्थ्य विभाग भी स्थिति पर नजर बनाए हुए हैं, ताकि किसी तरह की अनहोनी से बचा जा सके।



Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: