बोलता सच,चेन्नई : सी जोसफ विजय के नेतृत्व वाली तमिलगा वेत्री कषगम सरकार ने सरकारी कर्मचारियों, शिक्षकों और पेंशनभोगियों को बड़ा तोहफा दिया है। मुख्यमंत्री ने गुरुवार को महंगाई भत्ते (डीए) में 2 प्रतिशत बढ़ोतरी की घोषणा की। इस फैसले के बाद राज्य कर्मचारियों का डीए 58 प्रतिशत से बढ़कर 60 प्रतिशत हो जाएगा।
सरकार की ओर से जारी आधिकारिक प्रेस विज्ञप्ति के अनुसार, महंगाई भत्ते में यह बढ़ोतरी 1 जनवरी 2026 से प्रभावी मानी जाएगी। इस फैसले से राज्य सरकार पर सालाना करीब 1,230 करोड़ रुपये का अतिरिक्त वित्तीय भार पड़ेगा।
सरकार ने कहा है कि आवश्यक अतिरिक्त धनराशि का प्रावधान किया जाएगा और सरकारी कर्मचारियों, शिक्षकों, पेंशनभोगियों तथा पारिवारिक पेंशनधारकों के हितों की रक्षा के लिए सरकार पूरी तरह प्रतिबद्ध है। विज्ञप्ति में यह भी कहा गया कि मुख्यमंत्री विजय लगातार जनकल्याणकारी योजनाओं को लागू करने और उन्हें प्रभावी बनाने के लिए काम कर रहे हैं।
इसके साथ ही मुख्यमंत्री सी जोसफ विजय ने महिलाओं के लिए संचालित ‘कलैग्नार मगलीर उरिमाई थोगई’ योजना को लेकर भी बड़ा बयान दिया। उन्होंने कहा कि मई महीने की किस्त जल्द ही लाभार्थी महिलाओं के बैंक खातों में भेज दी जाएगी। इस योजना के तहत पात्र महिलाओं को हर महीने 1,000 रुपये की आर्थिक सहायता दी जाती है।
यह योजना पूर्ववर्ती द्रविड़ मुनेत्र कषगम सरकार द्वारा शुरू की गई थी और इसका नाम पार्टी के दिग्गज नेता एम. करुणानिधि के नाम पर रखा गया था।
सरकारी विज्ञप्ति में कहा गया कि महिलाओं के खातों में सहायता राशि सीधे ट्रांसफर की जाएगी। साथ ही सरकार इस योजना के पुनर्गठन पर भी काम कर रही है, जिसके लिए कुछ समय की आवश्यकता होगी।
मुख्यमंत्री विजय ने अधिकारियों को निर्देश दिया है कि मई महीने की 1,000 रुपये की किस्त जल्द से जल्द महिलाओं के बैंक खातों में पहुंचाई जाए, ताकि लाभार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी न हो।
गौरतलब है कि विधानसभा चुनाव से पहले टीवीके ने 60 वर्ष से कम आयु की महिलाओं को हर महीने 2,500 रुपये सहायता देने का वादा किया था। ऐसे में अब लोगों की नजर इस बात पर टिकी है कि सरकार भविष्य में इस योजना को किस रूप में आगे बढ़ाती है।
इसे भी पढ़े : सागर के आशीष शुक्ला ने ब्रिटेन में जीता स्थानीय चुनाव, AI और टेक्नोलॉजी क्षेत्र में भी बनाई पहचान
➤ You May Also Like









































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































