Breaking News

केरल सीएम फेस पर कांग्रेस में मंथन तेज, बीजेपी ने कसा तंज- ‘5 साल में 5 मुख्यमंत्री बनाएगी पार्टी’

Bolta Sach News
|
Congress on Kerala CM face

बोलता सच,नई दिल्ली : पश्चिम बंगाल और तमिलनाडु में नए मुख्यमंत्रियों के शपथ ग्रहण और असम व पुडुचेरी में नेतृत्व को लेकर तस्वीर साफ होने के बाद अब केरल में मुख्यमंत्री पद को लेकर सियासी हलचल तेज हो गई है। कांग्रेस हाईकमान अभी तक मुख्यमंत्री के नाम पर अंतिम फैसला नहीं ले पाया है, जिसे लेकर बीजेपी ने कांग्रेस पर निशाना साधा है।

बीजेपी के राष्ट्रीय प्रवक्ता शहजाद पूनावाला ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर वीडियो जारी कर कांग्रेस की अंदरूनी राजनीति पर तंज कसा। उन्होंने कहा कि जहां बीजेपी ने अन्य राज्यों में नेतृत्व को लेकर तेजी से फैसले किए, वहीं केरल में पूर्ण बहुमत मिलने के बावजूद कांग्रेस असमंजस की स्थिति में है।

‘कांग्रेस में कुर्सी की लड़ाई जारी’

शहजाद पूनावाला ने कहा, “यह कांग्रेस की पुरानी कार्यशैली है। शायद केरल में हर साल नया मुख्यमंत्री बनाया जाएगा और पांच साल में पांच मुख्यमंत्री देखने को मिलेंगे।” उन्होंने हिमाचल प्रदेश, राजस्थान, कर्नाटक और पंजाब का उदाहरण देते हुए कहा कि इन राज्यों में भी मुख्यमंत्री पद को लेकर कांग्रेस के भीतर खुली खींचतान देखने को मिली थी।

उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि “INC का मतलब अब ‘I Need Chair, I Need सत्ता’ बन गया है।”

कांग्रेस हाईकमान कर रहा मंथन

दूसरी ओर कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे और वरिष्ठ नेता राहुल गांधी के नेतृत्व में पार्टी हाईकमान केरल के नए मुख्यमंत्री के नाम पर लगातार मंथन कर रहा है। सूत्रों के मुताबिक, पार्टी नेतृत्व किसी भी तरह के गुटीय दबाव के आगे झुकने का संदेश नहीं देना चाहता।

बताया जा रहा है कि दिल्ली में केरल कांग्रेस नेताओं के साथ बैठक के दौरान राहुल गांधी ने गुटबाजी और सार्वजनिक विरोध प्रदर्शनों पर नाराजगी जताई। हालांकि उन्होंने हल्के अंदाज में माहौल को शांत करने की कोशिश भी की।

सीएम पद की दौड़ में तीन बड़े नाम

केरल में मुख्यमंत्री पद की दौड़ में तीन प्रमुख नेताओं के नाम सबसे आगे बताए जा रहे हैं। इनमें केसी वेणुगोपाल, वीडी सतीशन और रमेश चेन्निथला शामिल हैं।

सूत्रों के अनुसार, केसी वेणुगोपाल के समर्थकों को उम्मीद है कि हाईकमान अंततः उन्हीं के नाम पर मुहर लगाएगा। हालांकि पार्टी के भीतर इस बात को लेकर चिंता भी जताई जा रही है कि यदि वे लोकसभा सांसद पद से इस्तीफा देकर विधानसभा की राजनीति में आते हैं, तो उपचुनाव की स्थिति पैदा हो सकती है।

सभी गुटों को साथ रखने की कोशिश

फिलहाल कांग्रेस नेतृत्व का पूरा फोकस केरल इकाई के भीतर बढ़ते तनाव को कम करने और सभी गुटों को साथ लेकर सहमति बनाने पर है। पार्टी किसी ऐसे फैसले से बचना चाहती है जिससे अंदरूनी विवाद और गहरा जाए।


इसे भी पढ़े : देवरिया के नए डीएम मधुसूदन हुल्गी का मानवीय चेहरा, जनता दर्शन में शुरू की डिजिटल शिकायत व्यवस्था


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

1 thought on “केरल सीएम फेस पर कांग्रेस में मंथन तेज, बीजेपी ने कसा तंज- ‘5 साल में 5 मुख्यमंत्री बनाएगी पार्टी’”

Leave a Reply

error: