Breaking News

छठ महापर्व की तैयारियों का जायजा: कमिश्नर अनिल ढींगरा और डीआईजी एस. चन्नप्पा ने देवरिया के घाटों का निरीक्षण, सुरक्षा-स्वच्छता को लेकर दिए सख्त निर्देश

Bolta Sach News
|
Preparations for the Chhath festival

बोलता सच,देवरिया। लोक आस्था के महापर्व छठ पूजा की तैयारियों को लेकर शनिवार शाम गोरखपुर मंडल के कमिश्नर अनिल ढींगरा और डीआईजी एस. चन्नप्पा ने देवरिया के विभिन्न घाटों का निरीक्षण किया। उनके साथ जिलाधिकारी दिव्या मित्तल और पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन भी मौजूद रहे। अधिकारियों का दल सबसे पहले शाम चार बजे सिंधी कॉलोनी स्थित देवरी मंदिर घाट पहुंचा, जहां उन्होंने साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था और प्रकाश की स्थिति का बारीकी से जायजा लिया। उन्होंने मौके पर मौजूद अधिकारियों को निर्देश दिए कि श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो और सभी तैयारियां समय से पूरी की जाएं।

महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती और भीड़ नियंत्रण के निर्देश

निरीक्षण के दौरान डीआईजी एस. चन्नप्पा ने पुलिस अधिकारियों को आदेश दिया कि सभी प्रमुख घाटों पर पर्याप्त पुलिस बल के साथ महिला पुलिसकर्मियों की तैनाती सुनिश्चित की जाए। उन्होंने कहा कि घाटों पर वाहनों का प्रवेश पूरी तरह प्रतिबंधित रहेगा और पार्किंग व्यवस्था घाटों से दूर की जाएगी, ताकि भीड़भाड़ में कोई अव्यवस्था न हो।

उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था को लेकर कहा कि संवेदनशील घाटों पर विशेष सतर्कता बरती जाए और भीड़ नियंत्रण के लिए अतिरिक्त पुलिस बल और बैरिकेडिंग की व्यवस्था की जाए।

“किसी भी तरह की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी” — कमिश्नर

कमिश्नर अनिल ढींगरा ने अधिकारियों को सख्त निर्देश देते हुए कहा कि छठ पर्व पर घाटों पर श्रद्धालुओं की भारी भीड़ उमड़ती है, ऐसे में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने बिजली, जलापूर्ति, बैरिकेडिंग और स्वच्छता व्यवस्था की समीक्षा की और निर्देश दिया कि घाटों पर पर्याप्त रोशनी, पेयजल और चिकित्सा सुविधा की व्यवस्था की जाए, ताकि किसी भी आपात स्थिति में तुरंत सहायता मिल सके।

सफाई और शौचालय व्यवस्था पर जोर

जिलाधिकारी दिव्या मित्तल ने नगर पालिका और संबंधित विभागों को निर्देश दिया कि सभी घाटों पर सफाई कार्य और अस्थायी शौचालय की व्यवस्था समय से पूरी की जाए। उन्होंने कहा कि श्रद्धालुओं की सुविधा प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है।

ड्रोन कैमरे से होगी निगरानी

पुलिस अधीक्षक संजीव सुमन ने बताया कि छठ पर्व के दौरान ड्रोन कैमरों से निगरानी की जाएगी और पुलिस पेट्रोलिंग बढ़ाई जाएगी, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना को रोका जा सके। उन्होंने कहा कि प्रशासन और पुलिस दोनों मिलकर यह सुनिश्चित करेंगे कि छठ पर्व पूरी श्रद्धा, सुरक्षा और स्वच्छता के साथ संपन्न हो


इस खबर को भी पढ़ें : देवरिया में ज्वेलरी विवाद पर हुआ एसिड अटैक: चार झुलसे, दुकानदार गिरफ्तार

Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: