बोलता सच,कुशीनगर : उत्तर प्रदेश के कुशीनगर जिले में पुलिस और ग्रामीणों के बीच हुई मारपीट का एक वीडियो सामने आने के बाद मामला तूल पकड़ गया है। कुबेरस्थान थाना क्षेत्र में 30 मई को हुई इस घटना का वीडियो शनिवार को वायरल हुआ, जिसमें पुलिसकर्मियों और एक परिवार के बीच तीखी बहस और हाथापाई देखी जा सकती है।
वीडियो में एक महिला पुलिसकर्मी का कॉलर पकड़ते और उसका बेटा एक सिपाही को थप्पड़ मारते हुए दिखाई दे रहा है। दोनों पक्षों के बीच काफी देर तक धक्का-मुक्की और कहासुनी चलती रही, जिसके बाद पुलिसकर्मी मौके से लौट गए।
ग्रामीणों का आरोप है कि पुलिस गांव में एक युवक को पकड़ने पहुंची थी, तभी यह विवाद हुआ। पीड़ित पक्ष का कहना है कि पुलिस ने उनके साथ मारपीट की और दबाव बनाने की कोशिश की।
यह पूरा मामला 22 मई को हुए एक ट्रक हादसे से जुड़ा बताया जा रहा है। गांव के जंगल पचरुखिया निवासी संदीप मधेशिया (33) को मौरंग लदे ट्रक ने टक्कर मार दी थी, जिसमें वह गंभीर रूप से घायल हो गए थे। इलाज के दौरान 1 जून को उनकी मौत हो गई।
परिजनों की शिकायत पर ट्रक चालक के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया गया था। ग्रामीणों का आरोप है कि हादसे के बाद पुलिस ने ट्रक को सील करने के बावजूद उससे मौरंग उतरवाई और उसे आगे बेचा गया। इसके विरोध में ग्रामीणों ने वीडियो बनाकर सोशल मीडिया पर साझा किया, जिसके बाद मामला और बढ़ गया।
ग्रामीणों के अनुसार, 30 मई को पुलिस गांव में एक युवक को पकड़ने पहुंची थी। इसी दौरान विवाद बढ़ गया। सुगंधी देवी ने आरोप लगाया कि उनके बेटे को पुलिस ने कॉलर पकड़कर पीटा और जब उन्होंने विरोध किया तो उनके साथ भी मारपीट की गई। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस ने 25 हजार रुपए की मांग की।
वहीं, गांव की अन्य महिलाओं ने आरोप लगाया कि पुलिस रात के समय बिना महिला पुलिसकर्मी के घरों में दबिश देती है, जिससे लोग दहशत में हैं।
मृतक संदीप के भाई बिट्टू ने भी पुलिस पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस ग्रामीणों से पैसे की मांग कर रही है और लगातार दबाव बना रही है।
इस मामले पर कुबेरस्थान थानाध्यक्ष हर्षवर्धन सिंह ने पुलिस और ग्रामीणों के बीच विवाद की पुष्टि की है, लेकिन ट्रक से मौरंग उतारने के आरोपों से उन्होंने अनभिज्ञता जताई है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है और सभी पक्षों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं।
फिलहाल वायरल वीडियो के बाद मामला और गंभीर हो गया है, और प्रशासनिक जांच के बाद आगे की कार्रवाई की बात कही जा रही है।
इसे भी पढ़े : भारत-अमेरिका अंतरिम व्यापार समझौते पर बढ़ी सहमति, सकारात्मक रही उच्चस्तरीय वार्ता
➤ You May Also Like

























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































