Breaking News

OYO होटल में 27 वर्षीय युवक का शव फंदे से लटका मिला, पत्नी की फोटो के साथ व्हाट्सएप स्टेटस ने बढ़ाया रहस्य

Bolta Sach News
|
Body of 27-year-old man found in OYO hotel
बोलता सच,बाराबंकी: उत्तर प्रदेश के बाराबंकी जिले में एक OYO होटल के कमरे से 27 वर्षीय युवक का शव फांसी के फंदे पर लटका मिलने से सनसनी फैल गई। युवक ने मौत से पहले अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर दिवंगत पत्नी की फोटो लगाते हुए भावुक संदेश लिखा था— “मैं तुम्हारे पास आ रहा हूं, सब लोग मुझे माफ कर देना।” सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर जांच शुरू कर दी।
जानकारी के अनुसार, नगर कोतवाली क्षेत्र के बड़ेल स्थित राधे नगर कॉलोनी में OYO होटल विकास इन के कमरे नंबर 110 में मंगलवार सुबह युवक का शव मिला। मृतक की पहचान जलालपुर निवासी आलोक वर्मा (पुत्र रामसुमिरन) के रूप में हुई है। होटल मैनेजर आंशिक के मुताबिक, आलोक वर्मा अक्सर हफ्ते में दो-तीन बार होटल में कमरा लेकर रुकता था। सोमवार रात करीब 9:30 बजे भी वह होटल आया और कमरा बुक कराने के बाद अपने कमरे में चला गया।
मैनेजर ने बताया कि रात में वह एक बार कमरे से बाहर निकलकर बाथरूम गया था, इसके बाद वापस कमरे में चला गया। मंगलवार सुबह काफी देर तक कमरे से कोई हलचल नहीं दिखी। कर्मचारियों ने आलोक के मोबाइल पर कई बार फोन किया, लेकिन कोई जवाब नहीं मिला। इसके बाद कमरे के बाहर जाकर आवाज दी गई, फिर भी कोई प्रतिक्रिया नहीं हुई। संदेह होने पर होटल कर्मचारियों ने डायल 112 पर पुलिस को सूचना दी।
सूचना पर नगर कोतवाली प्रभारी सुधीर सिंह और बड़ेल चौकी इंचार्ज रविंद्र सिंह पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। फॉरेंसिक टीम को बुलाया गया और कमरे का दरवाजा खुलवाया गया, जहां आलोक वर्मा का शव प्लास्टिक की रस्सी के सहारे फांसी पर लटका मिला।
परिजनों के अनुसार, आलोक वर्मा की पहली पत्नी का पहले ही निधन हो चुका था और उसने हाल ही में दूसरी शादी की थी। परिवार का कहना है कि शादी के बाद उसका पारिवारिक जीवन सामान्य चल रहा था। हालांकि, उसने अपने व्हाट्सएप स्टेटस पर पहली पत्नी की फोटो लगाकर भावुक संदेश लिखा था, जो इस घटना को और रहस्यमय बना रहा है।
इस मामले में कोतवाली प्रभारी सुधीर सिंह ने बताया कि शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की जांच कर रही है।

इसको भी पढ़ें : मॉस्को में रूसी सेना के सीनियर जनरल की कार बम धमाके में मौत, यूक्रेनी खुफिया एजेंसियों पर शक


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: