Breaking News

फर्जी वीडियो पर बोले संत प्रेमानंद महाराज — “भक्तों को कष्ट न दें, दंड भुगतना पड़ेगा”

Bolta Sach News
|
spoke on fake video
बोलता सच ,वृंदावन। सोशल मीडिया पर संत प्रेमानंद महाराज की पुरानी और फर्जी वीडियो वायरल होने पर स्वयं संत प्रेमानंद महाराज ने इस पर कड़ा संदेश दिया है। उन्होंने कहा कि ऐसी वीडियो से उन्हें व्यक्तिगत कष्ट नहीं, बल्कि श्रीजी में आस्था रखने वाले भक्तों को पीड़ा हो रही है। कई श्रद्धालु दूर-दराज से आश्रम पहुंचकर उनका हाल जानने आ रहे हैं। उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि इस तरह की हरकत करने वालों को अपने कर्मों का दंड अवश्य मिलेगा।

दरअसल, हाल ही में संत प्रेमानंद महाराज की पदयात्रा अनिश्चितकाल के लिए स्थगित किए जाने के बाद फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म पर उनकी पुरानी और फर्जी वीडियो तेजी से फैलने लगीं। इन वीडियो को देखकर लोगों में चिंता फैल गई। कई श्रद्धालु उनके आश्रम पहुंचकर स्वास्थ्य की जानकारी लेने लगे, जबकि कुछ लोग अपने परिचितों के माध्यम से स्थिति जानने की कोशिश करते रहे।

एकांतिक वार्तालाप के दौरान संत नवल नागरी ने जब संत प्रेमानंद महाराज को बताया कि कुछ लोग 2020 के समय की पुरानी वीडियो का दुरुपयोग कर रहे हैं — जब महाराज की तबीयत खराब थी — तो उन्होंने इस पर नाराजगी जताई। इसी दौरान एक युवक ने कहा कि वह महाराज से मिलने आ रहा था, लेकिन तभी उसके पिता की तबीयत खराब हो गई। इस पर संत प्रेमानंद महाराज ने मुस्कराते हुए कहा, “उनसे कह देना कि महाराज से मिलकर आ गया हूं।”

महाराज ने आगे कहा, “व्यू और प्रसिद्धि के लालच में लोग ऐसा अपराध कर रहे हैं, जिसका दंड जब मिलेगा तो वह सहन नहीं कर पाएंगे। झूठ फैलाकर भक्तों के मन में भ्रम पैदा करना अधर्म है।”


गीता मनीषी संत ज्ञानानंद महाराज पहुंचे आश्रम

संत प्रेमानंद महाराज के स्वास्थ्य को लेकर फैल रही अफवाहों के बीच गीता मनीषी संत ज्ञानानंद महाराज वृंदावन स्थित उनके आश्रम पहुंचे। यहां संत प्रेमानंद महाराज ने स्वयं उनका स्वागत किया और चरण पूजन किया। दोनों संतों के बीच आत्मीय वार्तालाप हुआ। आश्रम के सूत्रों के अनुसार, संत प्रेमानंद महाराज पूर्णतः स्वस्थ हैं और अपने नियमित क्रम में व्यस्त हैं। उन्होंने भक्तों से अपील की है कि सोशल मीडिया पर प्रसारित किसी भी भ्रामक सामग्री पर ध्यान न दें और केवल आश्रम द्वारा जारी आधिकारिक जानकारी पर ही विश्वास करें।

इस को भी पढ़ें : कसया क्षेत्र के देवरिया मार्ग पर सड़क हादसा: तरकुलवा के सकतुई निवासी युवक की मौत

Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: