Breaking News

लखनऊ यूनिवर्सिटी में पेपर लीक और छात्रा से अश्लील बातचीत का आरोप, प्रोफेसर गिरफ्तार

Bolta Sach News
|
Paper in Lucknow University
बोलता सच,लखनऊ : राजधानी लखनऊ स्थित लखनऊ विश्वविद्यालय में असिस्टेंट प्रोफेसर और एक छात्रा के बीच कथित बातचीत का ऑडियो वायरल होने के बाद विवाद गहरा गया है। वायरल ऑडियो में प्रोफेसर कथित तौर पर छात्रा से परीक्षा के पेपर आउट कराने की बात करता सुनाई दे रहा है। साथ ही छात्रा पर मिलने के लिए दबाव बनाने के आरोप भी लगे हैं। हालांकि वायरल ऑडियो की स्वतंत्र पुष्टि नहीं हुई है।
मामला विश्वविद्यालय के जूलॉजी विभाग से जुड़ा बताया जा रहा है। ऑडियो क्लिप सामने आने के बाद विश्वविद्यालय प्रशासन ने इसे गंभीरता से लेते हुए आरोपी असिस्टेंट प्रोफेसर के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। पुलिस ने आरोपी प्रोफेसर को गिरफ्तार भी कर लिया है।
उत्तर प्रदेश पुलिस के अनुसार, थाना हसनगंज में विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रक की तहरीर पर संबंधित धाराओं में मामला दर्ज किया गया। पुलिस का कहना है कि आरोपी प्रोफेसर पर छात्रा के साथ फोन पर अमर्यादित और अश्लील बातचीत करने के साथ परीक्षा प्रश्नपत्र लीक करने का प्रलोभन देने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। फिलहाल मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जारी है।
इस पूरे मामले के बाद लखनऊ विश्वविद्यालय प्रशासन भी हरकत में आ गया है। कुलपति प्रो. जेपी सैनी ने इंटरनल कंप्लेंट कमिटी को जांच के आदेश देते हुए 24 घंटे के भीतर रिपोर्ट मांगी है। उन्होंने कहा कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाएगी और दोषी पाए जाने पर कड़ी कार्रवाई की जाएगी।
विश्वविद्यालय के प्रवक्ता प्रो. मुकुल श्रीवास्तव ने कहा कि छात्रा की निजता और गोपनीयता का विशेष ध्यान रखते हुए जांच प्रक्रिया आगे बढ़ाई जा रही है।
यह पहली बार नहीं है जब लखनऊ विश्वविद्यालय पेपर लीक विवाद को लेकर चर्चा में आया हो। इससे पहले दिसंबर 2019 में भी एलएलबी तृतीय सेमेस्टर परीक्षा का प्रश्नपत्र लीक होने का मामला सामने आया था। उस समय एक विश्वविद्यालय अधिकारी और निजी मेडिकल संस्थान की प्रशासनिक अधिकारी के बीच कथित बातचीत का ऑडियो वायरल हुआ था। मामले में एफआईआर दर्ज हुई थी, परीक्षा रद्द करनी पड़ी थी और दो प्रोफेसरों को निलंबित किया गया था। उस विवाद के बाद तत्कालीन कार्यवाहक कुलपति को भी हटाया गया था, हालांकि बाद में उन्हें क्लीनचिट मिल गई थी।
वर्तमान मामले को लेकर छात्र संगठनों में भी नाराजगी है। अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद के कार्यकर्ताओं ने विश्वविद्यालय परिसर में प्रदर्शन किया और आरोपी शिक्षक के तत्काल निलंबन तथा सख्त कार्रवाई की मांग की।

इसे भी पढ़ें : गंगा एक्सप्रेस-वे पर मुफ्त सफर खत्म, अब देना होगा टोल टैक्स

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply