बोलता सच,नई दिल्ली : पूर्णिया से निर्दलीय सांसद पप्पू यादव (राजेश रंजन) के दिल्ली स्थित आवास पर रविवार शाम उस समय हंगामा हो गया, जब वह प्रेस कॉन्फ्रेंस कर रहे थे। सांसद की ओर से आरोप लगाया गया कि दो युवक प्रेस वार्ता के दौरान अंदर पहुंचे, चप्पल फेंकी और उनमें से एक चाकू लेकर आया था। पप्पू यादव ने इसे उनकी हत्या की कोशिश बताया। हालांकि, आरोपित युवकों ने इन आरोपों से इनकार किया है।
सांसद ने लगाए हमले के आरोप
पप्पू यादव के अनुसार, प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान एक युवक ने उन पर चप्पल फेंकी और चाकू के साथ हमला करने का प्रयास किया। घटना के बाद वहां मौजूद समर्थकों ने एक आरोपी को पकड़ लिया और उसकी पिटाई कर दी। बाद में उसे पुलिस के हवाले कर दिया गया। सांसद ने दावा किया कि उन्हें लगातार धमकियां मिल रही हैं और प्रशासन से निष्पक्ष जांच तथा दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की।
आरोपियों ने दी अपनी सफाई
घटना में नाम सामने आने वाले बुलंदशहर के नैतला गांव निवासी हैप्पी शर्मा और उनके साथी सुमित गिरी गोस्वामी ने हमले और चाकू लेकर जाने के आरोपों को खारिज किया है।
हैप्पी शर्मा का कहना है कि वे साधु-संतों के समर्थन में वहां पहुंचे थे। उनके अनुसार, सुरक्षा जांच के बाद ही उन्हें परिसर में प्रवेश मिला और उनके पास कोई हथियार नहीं था। उन्होंने आरोप लगाया कि उन्होंने केवल पप्पू यादव से साधु-संतों के वेश में किए गए प्रदर्शन पर आपत्ति जताई थी, जिसके बाद सांसद के समर्थकों ने उनके साथ मारपीट की।
उन्होंने यह भी दावा किया कि चाकू उनके पास नहीं था और यह आरोप गलत है। उनका कहना है कि मारपीट के दौरान उनके साथी सुमित को परिसर के अंदर रोक लिया गया था, जबकि वह किसी तरह वहां से निकलने में सफल रहे।
संसद परिसर के प्रदर्शन से जुड़ा विवाद
यह विवाद उस प्रदर्शन के बाद शुरू हुआ, जिसमें पप्पू यादव संसद परिसर में साधु के वेश में विपक्ष के विरोध प्रदर्शन में शामिल हुए थे। प्रदर्शन के दौरान उन्होंने अयोध्या के राम मंदिर के चढ़ावे में कथित अनियमितताओं के आरोपों को लेकर प्रतीकात्मक नाटक प्रस्तुत किया था। इस प्रदर्शन को लेकर कई साधु-संतों और संगठनों ने आपत्ति जताई और इसे धार्मिक भावनाओं को आहत करने वाला बताया।
पुलिस कर रही जांच
पुलिस ने घटना के संबंध में मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल दोनों पक्षों के आरोपों और उपलब्ध साक्ष्यों की जांच की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद तथ्यों के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इसे भी पढ़े : ‘सुपर सुखोई’ मिशन तेज: भारतीय वायुसेना बढ़ाएगी Su-30MKI की ताकत, HAL हर साल बनाएगा 50 इंजन
➤ You May Also Like
Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस
Subscribe to get the latest posts sent to your email.
























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































