बोलता सच,लखनऊ। आय से अधिक संपत्ति के मामले में उत्तर प्रदेश सतर्कता अधिष्ठान (विजिलेंस) ने बड़ी कार्रवाई करते हुए आगरा के तत्कालीन एआरटीओ ललित कुमार के लखनऊ स्थित आवास पर छापेमारी की। दो दिनों तक चली तलाशी के दौरान टीम ने भारी मात्रा में नकदी, सोना-चांदी, हीरे-जवाहरात, करोड़ों रुपये की संपत्तियों के दस्तावेज, लग्जरी वाहन और निवेश संबंधी रिकॉर्ड बरामद किए हैं।
विजिलेंस के अनुसार, तलाशी में 1.62 करोड़ रुपये नकद, 13 किलोग्राम सोना, 9 किलोग्राम चांदी तथा बड़ी मात्रा में हीरे-जवाहरात बरामद हुए हैं। अधिकारियों के मुताबिक, बरामद सोना-चांदी और आभूषणों का अनुमानित बाजार मूल्य करीब 20 करोड़ रुपये आंका गया है। मामले में आगे की जांच और वैधानिक कार्रवाई जारी है।
भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत दर्ज है मुकदमा
सतर्कता अधिष्ठान के अनुसार, ललित कुमार के खिलाफ वर्ष 2024 में भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया था। शासन के निर्देश पर उनकी आय और संपत्तियों की जांच की जा रही थी। इसी क्रम में 7 और 8 जुलाई को लखनऊ के अलीगंज स्थित उनके आवास पर छापेमारी की गई। तलाशी के दौरान विजिलेंस टीम को आय के ज्ञात स्रोतों से कहीं अधिक संपत्ति से जुड़े महत्वपूर्ण दस्तावेज और अन्य साक्ष्य मिले हैं, जिनकी जांच की जा रही है।
कई शहरों में मिली करोड़ों की संपत्ति
जांच के दौरान टीम को लखनऊ, नोएडा, बाराबंकी और रायबरेली सहित कई जिलों में स्थित अचल संपत्तियों के दस्तावेज भी मिले हैं। इनमें आवासीय मकान, प्लॉट, फ्लैट की बुकिंग, कृषि भूमि और अन्य संपत्तियां शामिल हैं। अधिकारियों का कहना है कि इन संपत्तियों के स्वामित्व, खरीद के स्रोत और वित्तीय लेन-देन की विस्तृत जांच की जा रही है, ताकि यह पता लगाया जा सके कि इन्हें किस प्रकार अर्जित किया गया।
निवेश और बैंक खातों की भी जांच
विजिलेंस को तलाशी के दौरान बैंक खातों, डाकघर योजनाओं, म्यूचुअल फंड और फिक्स्ड डिपॉजिट में एक करोड़ रुपये से अधिक के निवेश से संबंधित दस्तावेज भी मिले हैं। इसके अलावा अन्य वित्तीय लेन-देन से जुड़े रिकॉर्ड भी जब्त किए गए हैं। जांच एजेंसी अब इन निवेशों के स्रोत और वैधता की पड़ताल कर रही है।
दो कारें और रिवॉल्वर भी बरामद
छापेमारी के दौरान टीम ने आवास से टोयोटा इनोवा और हुंडई आई-20 कार भी बरामद की है। इसके अलावा एक लाइसेंसी रिवॉल्वर और मकान की साज-सज्जा तथा घरेलू उपकरणों पर किए गए भारी खर्च से जुड़े दस्तावेज भी जांच के दायरे में हैं। अधिकारियों के अनुसार, घर में मौजूद महंगे इंटीरियर और लग्जरी सामान भी आय से अधिक संपत्ति की जांच का हिस्सा बनाए गए हैं।
जांच जारी, टीम को मिलेगा पुरस्कार
विजिलेंस विभाग का कहना है कि बरामद दस्तावेजों और संपत्तियों का मूल्यांकन किया जा रहा है। जांच पूरी होने के बाद नियमानुसार आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। इस सफल कार्रवाई के लिए पुलिस महानिदेशक और निदेशक सतर्कता ने लखनऊ सेक्टर की विजिलेंस टीम को एक लाख रुपये का पुरस्कार देने की घोषणा की है।
इसे भी पढ़े : ग्रेटर नोएडा: यथार्थ अस्पताल पर चिकित्सकीय लापरवाही का आरोप, पीड़ित ने पैर गंवाने के बाद डीएम से लगाई न्याय की गुहार
➤ You May Also Like
Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस
Subscribe to get the latest posts sent to your email.



































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































