बोलता सच,वाराणसी। फूलपुर थाना क्षेत्र में वाराणसी-जौनपुर हाईवे पर मंगलवार सुबह हुए भीषण सड़क हादसे में पुलिस भर्ती परीक्षा देने जा रही युवती और उसके पिता की दर्दनाक मौत हो गई, जबकि बाइक चालक गंभीर रूप से घायल हो गया। हादसे के बाद ट्रक चालक वाहन सहित मौके से फरार हो गया। पुलिस उसकी तलाश में जुटी है।
पुलिस के अनुसार, रामनगर के कोदूपुर निवासी पृथ्वीनाथ सोनकर (64) अपनी पुत्री आंचल सोनकर (20) को पुलिस भर्ती परीक्षा दिलाने के लिए बाइक से जौनपुर जा रहे थे। बाइक कटेसर, मुगलसराय (चंदौली) निवासी दिनेश सोनकर (23) चला रहा था।
मंगलवार सुबह करीब छह बजे जब वे पिंडरा बाइपास स्थित नागापुर गांव के सामने वाराणसी-जौनपुर हाईवे पर पहुंचे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही बाइक अनियंत्रित हो गई और उस पर पीछे बैठे पिता-पुत्री ट्रक के पहियों के नीचे आ गए, जबकि चालक बाइक सहित दूर जा गिरा।
हादसे में पृथ्वीनाथ सोनकर और उनकी पुत्री आंचल सोनकर की मौके पर ही मृत्यु हो गई। वहीं, गंभीर रूप से घायल दिनेश सोनकर को पुलिस ने तत्काल प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र पिंडरा पहुंचाया। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी नाजुक हालत को देखते हुए जिला अस्पताल रेफर कर दिया गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। हादसे की जानकारी मिलते ही परिजन भी घटनास्थल पर पहुंच गए। पिता-पुत्री की एक साथ मौत से परिवार में कोहराम मच गया और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।
थाना प्रभारी राजीव कुमार सिंह ने बताया कि शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। फरार ट्रक चालक की पहचान कर उसे गिरफ्तार करने के लिए पुलिस की टीम जुटी हुई है। मामले की जांच की जा रही है।
इसे भी पढ़े : तमिलनाडु विधानसभा सत्र से पहले फिर गरमाया ‘वंदे मातरम्’ और तमिल राज्यगीत का विवाद
➤ You May Also Like
Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस
Subscribe to get the latest posts sent to your email.











































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































