Breaking News

लखनऊ नगर निगम का कारनामा, 432 रुपये हाउस टैक्स को बना दिया 1 लाख 60 हजार

Bolta Sach News
|
Lucknow Municipal Corporation's feat

बोलता सच,लखनऊ : राजधानी के लालबाग स्थित नगर निगम मुख्यालय में शुक्रवार को आयोजित समाधान दिवस में हाउस टैक्स और जलकर से परेशान नागरिक बड़ी संख्या में अपनी शिकायतें लेकर पहुंचे। नए साल के पहले समाधान दिवस में नगर आयुक्त गौरव कुमार और मेयर सुषमा खर्कवाल स्वयं मौजूद रहीं और लोगों की समस्याएं सुनीं।

टिकैत राय से आईं शालिनी ने बताया कि उनका हाउस टैक्स महज 432 रुपये से बढ़ाकर 1 लाख 60 हजार रुपये कर दिया गया है। इस पर नगर आयुक्त ने मामले की जांच कर तत्काल निस्तारण के निर्देश संबंधित जोनल अधिकारी को दिए। यह वृद्धि GIS मैपिंग के माध्यम से हुई है, जिसे लेकर पहले भी सवाल उठते रहे हैं और एक बार फिर विवाद सामने आया है।

कई को नहीं मिली राहत

समाधान दिवस में कुछ लोगों को राहत मिली, तो कई शिकायतकर्ता निराश भी लौटे। जानकीपुरम द्वितीय से आए दिनेश चंद्र तिवारी ने बताया कि उनके गेस्ट हाउस पर कथित रूप से अवैध तरीके से 41 लाख रुपये का जुर्माना लगा दिया गया है। वे करीब 20 बार समाधान शिविर में आ चुके हैं, लेकिन अब तक कोई सुनवाई नहीं हुई।

मेहंदीगंज की बुजुर्ग महिला पार्वती ने बताया कि उनके ससुर के नाम मकान है, जिस पर 27 हजार रुपये से अधिक का हाउस टैक्स आ गया है। घर में केवल एक बीमार बेटा है और इतनी बड़ी रकम चुकाना उनके लिए असंभव है। वहीं कल्याणपुर निवासी अजीत कुमार यादव ने शिकायत की कि उनके घर पर जल संस्थान की ओर से डबल आईडी जारी कर दी गई है। मां किरण और दिवंगत पिता रामधन के नाम पर अलग-अलग वॉटर टैक्स बिल भेजे जा रहे हैं, जबकि पिता का निधन हो चुका है। उनके नाम से 23,751 रुपये का बिल भी भेजा गया है।

76 शिकायतें दर्ज

समाधान दिवस के दौरान नगर निगम के विभिन्न जोनों से गृहकर और जलकर से जुड़ी कुल 76 शिकायतें प्राप्त हुईं। इनमें 60 शिकायतें गृहकर और 16 जलकर से संबंधित थीं। जोनवार आंकड़ों के अनुसार, जोन-1 से 25, जोन-2 से 5, जोन-3 से 5, जोन-4 से 1, जोन-6 से 11, जोन-7 से 11 और जोन-8 से 2 शिकायतें दर्ज की गईं।इसके अलावा सफाई व्यवस्था, सड़कों व गलियों की मरम्मत, सीवर लाइन, ड्रेनेज, स्ट्रीट लाइट और कूड़ा उठान से जुड़ी समस्याओं पर भी अधिकारियों ने संज्ञान लिया और जल्द समाधान का आश्वासन दिया।


इसको भी पढ़ें : देवरिया : तरकुलवा में चाकूबाजी का आरोपी भेजा गया जेल , वारदात में इस्तेमाल चाकू बरामद


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

1 thought on “लखनऊ नगर निगम का कारनामा, 432 रुपये हाउस टैक्स को बना दिया 1 लाख 60 हजार”

Leave a Reply

error: