बोलता सच,देहरादून : रेहान वाड्रा की अवीवा बेग के साथ सगाई की खबरों के बीच देहरादून का प्रतिष्ठित दून स्कूल एक बार फिर चर्चा में आ गया है। रेहान वाड्रा ने अपनी स्कूली शिक्षा इसी ऐतिहासिक संस्थान से पूरी की थी। इसके बाद उन्होंने उच्च शिक्षा के लिए लंदन का रुख किया।
रेहान वाड्रा ने 12 वर्ष की आयु में दून स्कूल में दाखिला लिया था। उस समय उनकी मां प्रियंका गांधी वाड्रा स्वयं उनकी प्रवेश प्रक्रिया पूरी कराने देहरादून पहुंची थीं। इससे पहले रेहान ने गुरुग्राम स्थित द श्रीराम स्कूल से अपनी प्रारंभिक शिक्षा प्राप्त की थी। इसके बाद गांधी परिवार की परंपरा को आगे बढ़ाते हुए उनका दाखिला दून स्कूल में कराया गया।
नवंबर 2012 में प्रियंका गांधी वाड्रा बेटे के दाखिले के लिए दून स्कूल पहुंची थीं, जिसकी काफी चर्चा हुई थी। रेहान अपनी बहन मिराया और मां के साथ स्कूल आए थे, जहां उनका रजिस्ट्रेशन कराया गया और प्रवेश परीक्षा में सफलता के बाद उनका चयन हुआ। स्कूली शिक्षा पूरी करने के बाद रेहान उच्च शिक्षा के लिए लंदन के स्कूल ऑफ ओरिएंटल एंड अफ्रीकन स्टडीज (SOAS) चले गए।
दून स्कूल और गांधी परिवार का संबंध लंबे समय से रहा है। इसी स्कूल से पूर्व प्रधानमंत्री राजीव गांधी और उनके भाई संजय गांधी ने शिक्षा प्राप्त की थी। राहुल गांधी का भी दाखिला इसी स्कूल में हुआ था, हालांकि 1984 में पूर्व प्रधानमंत्री इंदिरा गांधी की हत्या के बाद उन्हें यहां से हटा लिया गया था। इस तरह रेहान ने अपने नाना और मामा की शैक्षणिक परंपरा को आगे बढ़ाया।
राजनीति से जुड़े प्रतिष्ठित परिवार से होने के बावजूद रेहान वाड्रा ने कला के क्षेत्र में अपनी अलग पहचान बनाई है। वह एक उभरते हुए विजुअल आर्टिस्ट हैं और बीते एक दशक से फोटोग्राफी के माध्यम से अपनी कला प्रस्तुत कर रहे हैं। उनके पोर्टफोलियो में वाइल्डलाइफ, स्ट्रीट और कमर्शियल फोटोग्राफी शामिल है। इसके अलावा वह क्यूरेटर के रूप में भी कार्य कर चुके हैं और देश के कई शहरों में अपनी आर्ट एग्जिबिशन आयोजित कर चुके हैं।
रेहान स्वतंत्र आर्ट कलेक्टिव ‘यू कैन नॉट मिस दिस’ के को-फाउंडर भी हैं, जिसका उद्देश्य युवा और स्वतंत्र कलाकारों को मंच प्रदान करना है। इस कलेक्टिव का पहला शो फरवरी 2023 में इंडिया आर्ट फेयर के यंग कलेक्टर्स प्रोग्राम के तहत आयोजित किया गया था।
इसी बीच, रेहान वाड्रा ने अवीवा बेग से सगाई कर अपने निजी जीवन की नई शुरुआत की है। दोनों पिछले सात वर्षों से रिश्ते में थे। प्रियंका गांधी वाड्रा और रॉबर्ट वाड्रा सहित दोनों परिवारों की सहमति के बाद यह सगाई हुई है। अवीवा बेग दिल्ली की रहने वाली हैं और उनका परिवार वाड्रा परिवार का करीबी माना जाता है।
इसको भी पढ़ें : पथरदेवा फुटबॉल महाकुंभ में यूनाइटेड क्लब सिवान का शानदार प्रदर्शन, मणिपुर को 6–0 से दी शिकस्त
➤ You May Also Like
























































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































