बोलता सच,अजमेर : राजस्थान के अजमेर जिले के भिनाय थाना क्षेत्र स्थित बांदनवाड़ा-खेड़ी टोल प्लाजा पर टोल टैक्स को लेकर शुरू हुआ विवाद देर रात हिंसक झड़प में बदल गया। आरोप है कि ट्रक चालकों के एक समूह ने टोल प्लाजा पर हमला कर कार्यालय, कंप्यूटर कक्ष और अन्य हिस्सों में जमकर तोड़फोड़ की तथा कर्मचारियों के साथ मारपीट की। घटना के दौरान टोल प्लाजा पर वाहनों की कई किलोमीटर लंबी कतार लग गई।
प्रत्यक्षदर्शियों और पुलिस के अनुसार, विवाद बढ़ने के बाद ट्रक चालकों ने टोल प्लाजा के मुख्य कार्यालय, कंप्यूटर रूम, रिकॉर्ड रूम और केबिनों में घुसकर तोड़फोड़ की। इस दौरान कंप्यूटर, सीसीटीवी स्क्रीन, मशीनें और अन्य सामान क्षतिग्रस्त हो गए।
मारपीट के दौरान जान बचाने के प्रयास में एक टोल कर्मचारी ने प्लाजा की छत से छलांग लगा दी, जिससे उसके पैर में गंभीर फ्रैक्चर हो गया। घायल कर्मचारी को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सूचना मिलने पर भिनाय थाना पुलिस और बांदनवाड़ा चौकी की टीम मौके पर पहुंची और स्थिति पर नियंत्रण पाया। पुलिस के पहुंचने पर कई ट्रक चालक अपने वाहन लेकर मौके से भाग निकले।
शनिवार सुबह टोल प्रबंधन ने भिनाय थाने में तोड़फोड़, मारपीट और जानलेवा हमले सहित विभिन्न धाराओं में शिकायत दर्ज कराई। पुलिस ने घटना में शामिल एक ट्रक को जब्त कर उसके चालक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है।
पुलिस अधीक्षक हर्षवर्धन अग्रवाल के निर्देश पर मामले की जांच जारी है। पुलिस टोल प्लाजा पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है ताकि उपद्रव में शामिल अन्य आरोपियों की पहचान कर उनके खिलाफ कार्रवाई की जा सके। एहतियात के तौर पर टोल प्लाजा पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात किया गया है।
इसे भी पढ़े : अयोध्या पहुंचे अरविंद केजरीवाल, राम मंदिर चढ़ावा मामले की जांच पर उठाए सवाल
➤ You May Also Like
Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस
Subscribe to get the latest posts sent to your email.















































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































































