Breaking News

गोरखपुर में कुश्ती समापन समारोह में सीएम योगी की चुटकी, रवि किशन और संजय निषाद पर किया मजाक

Bolta Sach News
|
Wrestling closing ceremony in Gorakhpur

बोलता सच,गोरखपुर : मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ इन दिनों गोरखपुर दौरे पर हैं। सोमवार को उन्होंने वीर बहादुर सिंह स्पोर्ट्स कॉलेज में आयोजित कुश्ती प्रतियोगिता के समापन समारोह में शिरकत की। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने विजेता पहलवानों को पुरस्कार प्रदान किए और अपने संबोधन के दौरान सांसद रवि किशन और निषाद पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. संजय निषाद पर हल्के-फुल्के अंदाज में चुटकी ली, जिससे कार्यक्रम का माहौल खुशनुमा हो गया।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने मंच से मुस्कुराते हुए कहा कि सांसद रवि किशन और डॉ. संजय निषाद आमतौर पर इतनी ठंड में घर से बाहर नहीं निकलते। उन्होंने मजाकिया लहजे में कहा कि शायद दोनों कहीं साथ में भोजन करने गए होंगे, तभी एक साथ कार्यक्रम स्थल पर पहुंच गए।

उन्होंने आगे कहा, “कड़ाके की ठंड में कुश्ती का फाइनल अनुराग यादव और शुभम यादव के बीच हो रहा है, लेकिन पसीना रवि किशन और संजय जी को आ रहा है। यहां आते ही इनकी ठंड गायब हो गई।” मुख्यमंत्री की इस टिप्पणी पर मंच और दर्शक दीर्घा में मौजूद लोग ठहाके लगाते नजर आए।

समारोह में मुख्यमंत्री ने कुश्ती प्रतियोगिता के विजेता खिलाड़ियों को सम्मानित करते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि खेल युवाओं में अनुशासन, आत्मविश्वास और प्रतिस्पर्धा की भावना विकसित करते हैं तथा देश का गौरव बढ़ाने का माध्यम बनते हैं।

अपने संबोधन में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश में अब गांव और वार्ड स्तर पर भी खेल प्रतियोगिताएं आयोजित कराई जाएंगी, ताकि गली-मोहल्लों से छिपी हुई प्रतिभाएं सामने आ सकें। उन्होंने ताल नंदौर में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय स्टेडियम का भी जिक्र करते हुए कहा कि इससे गोरखपुर के खिलाड़ियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर के खिलाड़ियों के साथ खेलने और सीखने का अवसर मिलेगा।

मुख्यमंत्री योगी ने विभिन्न संस्थाओं से अपील की कि वे एक-एक खेल को गोद लें। उन्होंने कहा कि संसाधनों का कुछ हिस्सा संस्थाएं जुटाएं और कुछ सरकार उपलब्ध कराएगी, ताकि प्रदेश और देश को भविष्य में राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर के उत्कृष्ट खिलाड़ी मिल सकें।


Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply

error: