Breaking News

लखनऊ: राजाजीपुरम की लेबर कॉलोनी में जलकल विभाग की बड़ी चूक, बिना कनेक्शन थमाए गए 16 से 25 हजार तक के पानी बिल

Bolta Sach News
|
Lucknow Rajajipuram Labour Colony
बोलता सच,लखनऊ : राजधानी लखनऊ के राजाजीपुरम स्थित दरियापुर लेबर कॉलोनी में जलकल विभाग की गंभीर लापरवाही सामने आई है। कॉलोनी के लोगों को बिना किसी पानी कनेक्शन के ही 16 हजार से लेकर 25 हजार रुपये तक के भारी-भरकम वॉटर बिल भेज दिए गए हैं। बिल मिलने के बाद कॉलोनीवासियों, खासकर महिलाओं में भारी रोष है।

लेबर कॉलोनी में रहने वाली अधिकांश महिलाएं घरों में झाड़ू-पोछा कर अपने परिवार का भरण-पोषण करती हैं। ऐसे में हजारों रुपये का पानी बिल चुकाना उनके लिए नामुमकिन है। कॉलोनी निवासी रश्मि ने बताया कि उनके घर में कभी जलकल का कनेक्शन नहीं लगा, इसके बावजूद 16 हजार रुपये का बिल भेज दिया गया। वहीं अंजलि का कहना है कि उनके नाम 22,400 रुपये का बकाया दिखाया गया है, जबकि उनके घर तक जलकल विभाग की कोई पाइपलाइन ही नहीं पहुंची है।

कॉलोनी की 90 वर्षीय बुजुर्ग महिला विश्वा ने बताया कि उनके घर में कोई कमाने वाला नहीं है, इसके बावजूद 20,500 रुपये का पानी बिल भेज दिया गया है। लोगों का आरोप है कि बिना कनेक्शन के बिल भेजना सीधा उत्पीड़न है और इससे गरीब परिवारों पर अनावश्यक मानसिक दबाव डाला जा रहा है।

इस लापरवाही के विरोध में शुक्रवार को लेबर कॉलोनी की महिलाएं नगर निगम मुख्यालय पहुंचीं और जलकल विभाग के खिलाफ प्रदर्शन किया। महिलाओं का आरोप है कि शिकायत के बावजूद उन्हें सुनने के लिए कोई जिम्मेदार अधिकारी नहीं मिला। इससे नाराज महिलाओं ने चेतावनी दी है कि यदि उनकी समस्या का समाधान नहीं हुआ तो वे मजबूरन धरना-प्रदर्शन तेज करेंगी।

प्रदर्शन कर रहीं महिलाओं ने कहा कि शनिवार को दोबारा नगर निगम पहुंचकर विरोध जताया जाएगा। कॉलोनीवासियों की मांग है कि बिना पानी कनेक्शन के भेजे गए सभी वॉटर बिल तत्काल रद्द किए जाएं और इस गंभीर लापरवाही के लिए जिम्मेदार अधिकारियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए। स्थानीय लोगों का कहना है कि अगर समय रहते इस मामले का समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।



Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

1 thought on “लखनऊ: राजाजीपुरम की लेबर कॉलोनी में जलकल विभाग की बड़ी चूक, बिना कनेक्शन थमाए गए 16 से 25 हजार तक के पानी बिल”

Leave a Reply

error: