Breaking News

देवरिया : खून से लिखे पत्र के बाद हरकत में प्रशासन, देवरिया में अवैध मिट्टी कटान की पुष्टि; भराई के आदेश

Bolta Sach News
|
Deoria After the letter written in blood
बोलता सच,देवरिया : देवरिया जिले में निजी कृषि भूमि से अवैध मिट्टी कटान के मामले में प्रशासन सक्रिय हो गया है। एक पीड़िता द्वारा मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को खून से पत्र लिखे जाने के बाद जिलाधिकारी दिव्या मित्तल के निर्देश पर जांच कराई गई, जिसमें अवैध खनन की पुष्टि हुई है। प्रशासन ने ठेकेदार को तत्काल खोदी गई मिट्टी की भराई कराने का आदेश दिया है।

यह मामला गौरीबाजार थाना क्षेत्र के विशुनपुरा गांव का है, जहां सड़क निर्माण के दौरान निजी कृषि भूमि से मिट्टी काटे जाने की शिकायत मिली थी। सोमवार को नायब तहसीलदार रत्नेश यादव के नेतृत्व में राजस्व विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर जांच की।

जांच में खुली गड़बड़ी

जांच के दौरान सामने आया कि सड़क निर्माण के नाम पर तय सीमा का उल्लंघन किया गया। राजस्व अभिलेखों के अनुसार सड़क की कुल चौड़ाई 40 कड़ी दर्ज है, जिसमें दोनों ओर 20-20 कड़ी की सीमा निर्धारित है। इसके बावजूद ठेकेदार ने करीब 15 फुट अंदर तक निजी जमीन में घुसकर मिट्टी खोदी। जांच टीम ने यह भी पाया कि धारा 24 के तहत लगाए गए सीमांकन पत्थरों को उखाड़ दिया गया था और किसानों की बाउंड्री को भी नुकसान पहुंचाया गया।

पीड़िता के आरोप और खून से लिखा पत्र

भाजपा नेत्री और किसान मंजू राय ने आरोप लगाया था कि 13 अप्रैल की रात सड़क निर्माण के नाम पर 100 ट्रॉली से अधिक मिट्टी अवैध रूप से काटी गई। न्याय न मिलने से आहत होकर उन्होंने मुख्यमंत्री और प्रधानमंत्री को खून से पत्र लिखकर निष्पक्ष जांच और कार्रवाई की मांग की थी। इस मामले के सार्वजनिक होने के बाद प्रशासन ने तेजी से कार्रवाई करते हुए जांच कराई।

भराई और सीमांकन के आदेश

मौके पर पहुंचे अधिकारियों ने ठेकेदार और लोक निर्माण विभाग के जूनियर इंजीनियर को निर्देश दिया कि अवैध रूप से खोदी गई मिट्टी की जल्द भराई कराई जाए। साथ ही, उखाड़े गए सीमांकन पत्थरों को दोबारा स्थापित करने का आदेश दिया गया, ताकि जमीन की मूल स्थिति बहाल हो सके।

नायब तहसीलदार रत्नेश यादव ने बताया कि पूरे मामले की विस्तृत रिपोर्ट जिलाधिकारी को भेजी जाएगी, जिसके आधार पर आगे की कार्रवाई तय की जाएगी।



Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply