Breaking News

देवरिया बस डिपो में स्वास्थ्य शिविर का आयोजन, 200 रोडवेज कर्मचारियों की हुई जांच

Bolta Sach News
|
Health camp at Deoria bus depot
बोलता सच,देवरिया : देवरिया बस डिपो परिसर में सोमवार को एक सामान्य स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। यह शिविर उत्तर प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण सोसाइटी और उत्तर प्रदेश राज्य सड़क परिवहन विभाग के संयुक्त तत्वावधान में संपन्न हुआ। शिविर का उद्घाटन सहायक क्षेत्रीय प्रबंधक केडी प्रसाद और जिला क्षय रोग अधिकारी डॉ. राजेश कुमार ने संयुक्त रूप से किया।

स्वास्थ्य शिविर में बस चालकों, परिचालकों सहित डिपो के अन्य कर्मचारियों की व्यापक जांच की गई। इसमें नेत्र परीक्षण, सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण के साथ-साथ एचआईवी, सिफिलिस, हेपेटाइटिस-बी एवं सी तथा अन्य यौन संचारित रोगों (एसटीआई) से संबंधित परामर्श और जांच की सुविधा उपलब्ध कराई गई। करीब 200 रोडवेज कर्मचारियों ने शिविर का लाभ उठाया।

कोहरे और ठंड के मौसम को ध्यान में रखते हुए आंखों की जांच पर विशेष जोर दिया गया। जिन कर्मचारियों में दृष्टि संबंधी समस्याएं पाई गईं, उन्हें चश्मा पहनने और आवश्यक दवाओं के सेवन की सलाह दी गई। इसके अलावा, क्षय रोग विभाग की ओर से शिविर में एक्स-रे मशीन लगाकर कर्मचारियों की चेस्ट एक्स-रे जांच की गई, जिससे टीबी जैसी गंभीर बीमारियों की समय पर पहचान हो सके।

स्वास्थ्य अधिकारियों ने कर्मचारियों को नियमित अंतराल पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने, संतुलित आहार लेने और स्वच्छता के प्रति जागरूक रहने की सलाह दी। उन्होंने कहा कि समय पर जांच से गंभीर बीमारियों से बचाव संभव है और इससे कर्मचारियों की कार्यक्षमता भी बनी रहती है।

शिविर में स्वास्थ्य विभाग की टीम से डॉ. नीतीश राय, चंद्र प्रकाश त्रिपाठी, उपेंद्र तिवारी, बृजेश तिवारी, अनंत तिवारी, सत्य प्रकाश मिश्र, आदित्य मिश्र, राघवेंद्र सिंह, सर्वेश्वर तिवारी, रश्मि श्रीवास्तव, कंचन माला, अमरेंद्र, विजय, बालेन्दु मिश्र और मृत्युंजय त्रिपाठी समेत अन्य कर्मी मौजूद रहे। नेत्र परीक्षण अधिकारी पुरुषोत्तम पासवान ने आंखों की जांच की, जबकि आरबीएसके टीम ने सामान्य स्वास्थ्य परीक्षण किया।

बस डिपो की ओर से दीनानाथ मिश्र सहित अन्य कर्मचारी भी शिविर में उपस्थित रहे। शिविर के सफल आयोजन पर रोडवेज कर्मचारियों ने स्वास्थ्य विभाग और परिवहन निगम के प्रति आभार जताया।



Discover more from Bolta Sach News - बोलता सच न्यूज़ - सच लिखने का साहस

Subscribe to get the latest posts sent to your email.

Join WhatsApp

Join Now

Leave a Reply